पटना

​ए सिपाही ठुमका लगाओ, नहीं तो सस्पेंड...', होली पर तेज प्रताप ने पुलिस जवान को कार्यक्रम में नचाया- Video

होली त्योहार पर तेज प्रताप यादव ने पुलिसकर्मी से ठुमके लगवाए और कहा कि ए सिपाही ठुमका लगाओगे, नहीं तो सस्पेंड कर दिए जाओगे। इसके बाद क्या दीपक नाम का सिपाही तेज प्रताप के गानों पर ठुमका लगाते हुए नजर आया।

होली का त्योहार आते ही लोग खुशियों के रंगों में डूबे नजर आते हैं। 'बुरा मत मानो होली है' लाइन हर गली-मोहल्ले में सुनाई देने लगती है। उसी तरह से होली की यह प्रसिद्ध लाइन बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव से भी सुनने को मिली है। बस अंतर ये है कि यह लाइन उन्होंने एक पुलिसकर्मी से अपनी फरमाइश रखते हुए कही थी। अब आप सोच रहे होंगे की वो फरमाइश क्या थी?

दरअसल होली समारोह में तेज प्रताप यादव अपने इनर सर्किल के लोगों के साथ जश्न मना रहे थे। इस दौरान वह मंच पर सफेद रंग के सोफे पर महाराज स्टाइल में विराजमान थे। उनके सामने एक टेबल थी, जिस पर अबीर की दो प्लेट रखी हुई थी। उनके सर्किल व कुछ अन्य लड़के आ रहे थे और तेज प्रताप के पैर पर अबीर चढ़ा रहे थे। उनके पीछे लगे बैनर पर होली रंगोत्सव लिखा हुआ है। होली के जश्न में डूबे तेज प्रताप ने पुलिस के जवान से एक फरमाइश की और साथ में उसे सस्पेंड करने की धमकी देते हुए 'बुरा मत मानो होली है' लाइन भी कह डाली। आइए आपको उनकी फरमाइश के बारे में बताएं -

तेज प्रताप यादव की होली

लालू यादव और राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपनी अजीबो-गरीब हरकतों के लिए जाने जाते हैं। उसी प्रकार से होली पर उनकी फरमाइश को लेकर वह फिर लोगों में चर्चा का विषय बन गए हैं। बता दें कि होली के त्योहार के दिन तेज प्रताप यादव ने पुलिस के एक सिपाही, जिसका नाम दीपक है, उससे ठुमका लगवाया।

तेज प्रताप यादव ने कहा, 'ऐ सिपाही... दीपक... सुनिए, एक गाना बजाएंगे उसमें तुमको ठुमका लगाना है।' तेज प्रताप की यह बात सुनकर उनकी टोली के सभी लड़के हसने लगे। उसके बाद तेज प्रताप ने कहा कि 'ठीक है? बुरा मत मानो होली है।' लेकिन दीपक नाम का सिपाही चेहरे पर हल्की मुस्कान लिए पीछे देखने लगा। ये कहना गलत नहीं होगा की तेज प्रताप की सुरक्षा के लिए तैनात सिपाही पुलिस में ठुमका लगाने के लिए भर्ती तो नहीं हुआ है। उसके चेहरे के भाव भी यही कह रहे है कि यह उसका काम तो नहीं है। उसकी पुलिस में भर्ती इसलिए तो नहीं हुई है।

लेकिन तेज प्रताप ने कुछ देर रुकने के बाद दीपक को धमकी भी दे डाली। उन्होंने कहा कि 'आज नहीं ठुमका लगाओगे तो सस्पेंड कर दिए जाओगे... बुरा मत मानो होली है।' बस क्या उनकी ये एक लाइन और फिर वहां मौजूद लोगों ने ठहाके लगाने शुरू कर दिए। तेज प्रताप ने होली का गाना शुरू किया 'बाबा हरिहर नाथ' और सस्पेंड किए जाने की बात सुनने के बाद दीपक नाम के सिपाही ने बायां हाथ अपनी कमर पर और दायां हाथ ऊपर करके ठुमके लगाने शुरू कर दिए।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article