पटना

कोच्चि के बाद पटना में शुरू होगी 'Water Metro', अब मेट्रो से पार होगी नदी

बिहार के पटना जिले में वाटर मेट्रो की सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसकी जानकारी पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा दी गई है। उन्होंने कहा कि पटना गंगा पर अंतर-देशीय जल परिवहन प्रणाली का केंद्र बन जाएगा

Image

पटना वाटर मेट्रो (AI Image)

Patna Water Metro: बिहार की राजधानी पटना में पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पटना में जल्द ‘वाटर मेट्रो’ सेवाएं शुरू होने की घोषणा करते हुए सोमवार को कहा कि शहर गंगा पर अंतर्देशीय जल परिवहन प्रणाली का केंद्र बन जाएगा। राज्य के विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले की गई इस घोषणा चुनाव के लिए कितनी लाभकारी होगी यह तो आगे पता लगेगा।

पटना में शुरू होगी वाटर मेट्रो

उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में अंतर्देशीय जल परिवहन के विकास पर यहां एक परामर्श बैठक को संबोधित करते हुए सोनोवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार माल ढुलाई, पर्यटन और स्थानीय आजीविका के लिए नदी प्रणालियों की पूरी क्षमता का दोहन करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "वाटर मेट्रो प्रणाली नदी के दोनों किनारों को जोड़ेगी और पटना के लिए स्वच्छ, कुशल और आधुनिक शहरी परिवहन समाधान प्रदान करेगी। राष्ट्रीय अंतर्देशीय नौवहन संस्थान को नए निवेश के साथ उत्कृष्टता केंद्र के रूप में उन्नत किया जा रहा है।"

उन्होंने कहा, "पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत के अंतर्देशीय जलमार्गों को हरित विकास और संपर्क का जीवंत इंजन बना दिया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में फैला राष्ट्रीय जलमार्ग इस पुनरुद्धार के केंद्र में है। " मंत्री ने कहा कि सरकार माल ढुलाई, पर्यटन और स्थानीय आजीविका के लिए नदी प्रणालियों की पूरी क्षमता का दोहन करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार एक प्रमुख अंतर्देशीय जलमार्ग परिवहन केंद्र के रूप में उभरने के लिए तैयार है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सोनोवाल ने कहा कि केंद्र सरकार अंतर्देशीय जल परिवहन को भारत के टिकाऊ, बहुआयामी भविष्य का आधार बनाने के लिए राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या एक पर सभी राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नदियां अब देश की अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएं हैं।

उन्होंने कहा, "वाराणसी से हल्दिया तक 1,390 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय जलमार्ग-एक के तहत बिहार में पटना में दो टर्मिनल का विकास होगा, साथ ही गंगा के किनारे एक पोत मरम्मत और विनिर्माण केंद्र की स्थापना भी होगी।"

उन्होंने कहा, "विभिन्न जिलों में सोलह सामुदायिक घाटों का निर्माण किया जाएगा और कालू घाट को अत्याधुनिक जलमार्ग केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य में गंगा नदी के किनारे 12 जिलों में अंतर्देशीय नौवहन और जल-आधारित वाणिज्य की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक विशेष कार्यबल का गठन किया जाएगा।" बैठक में कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, पश्चिम बंगाल के जलमार्ग और सिंचाई मंत्री मानस रंजन भुइयां और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अध्यक्ष विजय कुमार शामिल हुए।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article