Patna Triple Murder : पटना में सोमवार को तिहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में बाइक से आए दो बदमाशों ने रियल स्टेट कारोबारी अशरफी राय (75) की गोली मारकर हत्या कर दी। रिपोर्टों के मुताबिक बदमाशों ने राय पर छह राउंड गोलीबारी की। घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। फिर आक्रोशित भीड़ ने दोनों बदमाशों की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल राय को अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैला हुआ है।
घटनास्थल से 200 मीटर दूर पकड़े गए बदमाश
रिपोर्टों के मुताबिक पुलिस का मानना है कि हमलावर पेशेवर थे और राय की हत्या सोची-समझी साजिश के तहत की गई। राय को गोली मारने के बाद हमलावरों ने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने घटनास्थल से 200 मीटर दूर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस का कनहा है कि मौके से फरार होने के लिए हमलावरों ने पूरी तैयारी की थी। पहचान में आने से बचने के लिए वे अपना कपड़ा बदलना चाहते थे। पुलिस को मौके से टी-शर्ट मिली है। पुलिस के अनुसार अपराधी कुछ दूरी पर जाकर अपना पहनावा बदलने की फिराक में थे लेकिन वे अपनी सोच में कामयाब नहीं हो पाए। दोनों का पीछा कर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और फिर पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस इस हत्याकांड को मॉब लिंचिंग मानकर जांच कर रही है।
हत्याकांड के पीछे हो सकता है जमीनी विवाद
घटना की जांच में एफएसएल की टीम पटना पुलिस की मदद कर रही है। शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे जमीनी विवाद सामने आया है। रिपोर्टों के मुताबिक एसडीपीओ सदर-2 रंजन कुमार ने कहा, 'अशरफी राय के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज थीं। आरोप है कि भूमि सौदे के लिए भुगतान लेने के बाद राय जमीनों की रजिस्ट्री नहीं कर पाए थे।' बताया गया कि भूमि विवाद का एक मामला 4.5 बीघा जमीन से जुड़ा है। इस जमीन की कीमत प्रति कट्ठा करीब एक करोड़ बताई जा रही है। इस तरह इस जमीन की कुल कीमत 80 करोड़ रुपए होती है। पुलिस को लगता है कि राय की हत्या इस जमीन को लेकर हो सकती है। साजिशकर्ता द्वारा सुपारी देकर हत्या कराए जाने की आशंका है।
अपराधियों की मोटरसाइकिल बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने कारतूस के पांच खोखे बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम की मदद से पटना पुलिस ट्रिपल मर्डर हत्याकांड का सुराग लगाने में जुटी है। अपराधियों की एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
