Patna News: राजधानी स्थित पटना जंक्शन, दानापुर स्टेशन, पाटलिपुत्र जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल और पटना साहिब स्टेशन से अब रिजर्व ऑटो चलेंगे। इन सभी स्टेशनों से बैरिया स्थित पाटलिपुत्र अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पहुंचने के लिए रिजर्व ऑटो का परिचालन होगा। इन स्टेशनों से 24 घंटे ऑटो परिचालित किए जाएंगे। जनवरी में पहले हफ्ते से यह सेवा शुरू हो जाएगी। यात्रियों को ऑटो का किराया भी काफी कम लगेगा।
फिलहाल रात में रेलवे स्टेशन से बैरिया स्थित पाटलिपुत्र अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के लिए भी ऑटो नहीं चलता है। जो चालक जाते भी हैं वह मनमाना किराया वसूलते हैं। नई व्यवस्था के तहत हर स्टेशन पर अब 15 ऑटो खड़े रहेंगे। शहर में कुल 75 रिजर्व ऑटो को परिचालित किया जाना है।
