Patna News: पटना में दो बच्चियों से रेप के बाद एक बच्ची की मौत के मामले में लोगों में आक्रोश भरा हुआ है। बुधवार को स्थानीय लोगों ने भगत सिंह चौक पर आगजनी की और रोड जाम कर दी। इस मामले में अभी एक बच्ची अस्पताल में गंभीर हालत में है। वहीं अपराधी भी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आई है। इस घटना को लेकर लोगों का गुस्सा फूटने लगा है, जिसके कारण उन्होंने बुधवार को सड़क जाम कर दी। लोगों की मांग है कि अपराधियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करे और थाना अध्यक्ष को निलंबित किया जाए।
अपहरण के बाद किया दुष्कर्म
पटना के फुलवारी शरीफ में दो बच्चियों का रविवार को अपहरण हुआ था, जिसके बाद मंगलवार को एक बच्ची का शव बरामद हुआ और दूसरी बच्ची घायल अवस्था में उसके पास मिली। दोनों बच्चियों के साथ दुष्कर्म करके अपराधियों ने उन्हें घायल हालत में छोड़ दिया। जिसमें एक बच्ची की मौत हो गई। दूसरी बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और वह पटना एम्स में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। बच्ची के शरीर से अभी तक खून बहना बंद नहीं हुआ है डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं है।
अपराधी अभी तक फरार
इस मामले में पुलिस अभी तक कोई खास कार्रवाई नहीं कर पाई है। अपराधी अभी तक पकड़े नहीं गए हैं। हालांकि पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इस घटना से लोगों में गुस्सा भरा हुआ है और उन्होंने बुधवार को सड़क पर आगजनी की और चक्का जाम कर दिया। वे मांग कर रहे हैं कि पुलिस आरोपियों को पकड़े और थाना अध्यक्ष का निलंबन हो जाए।
