पटना के लोगों को बड़ी ही बेसब्री से मेट्रो के चलने का इंतजार है। उनका यह इंतजार 15 अगस्त 2025 को खत्म होने वाला था, लेकिन अब पटनावासियों के वर्षों का इंतजार अभी और लंबा होने वाला है। शहर की भीड़भाड़ और ट्रैफिक की समस्याओं से परेशान पटनावासी उम्मीद लगाए बैठे थे कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें 'एक नई आजादी' मेट्रो की सुविधा मिलेगी। लेकिन जैसे-जैसे यह तारीख नजदीक आई, खबरें आने लगीं कि मेट्रो की शुरुआत में देरी हो सकती है।
नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश मिश्रा ने संकेत दिए कि अब यह बहुप्रतीक्षित सेवा 23 अगस्त को शुरू हो सकती है, बश शर्त यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उस दिन समय हो। यह खबर सुनकर लोगों की उत्सुकता और भी बढ़ गई।
पटना मेट्रो का प्रारंभिक कॉरिडोर लगभग 32 किलोमीटर लंबा है। शुरुआत में तीन स्टेशनों न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल और भूतनाथ के बीच ही सेवा शुरू की जाएगी। हालांकि, पांच स्टेशन तैयार हैं, लेकिन पहले चरण में तीन स्टेशनों तक ही मेट्रो चलाने की योजना है।
20 जुलाई को पुणे से पटना पहुंचे मेट्रो रैक से ट्रायल रन किया जा रहा है, पर मानसून की बारिश इस प्रक्रिया में रोड़ा बन रही है। पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारी दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तकनीकी पहलुओं की जांच हो रही है।
