पटना

डायरेक्ट कनेक्ट होंगी 2 राजधानियां, चलने वाली है देश की पहली 'वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस'; चंद घंटों में दिल्ली से पहुंचेंगे पटना

Patna-Delhi First Sleeper Vande Bharat Express: दिवाली और छठ पर्व के खास मौके पर रेलवे ने दिल्ली से पटना और पटना से दिल्ली के लिए भारत की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (India First Sleeper Vande Bharat Express Train) चलाने का प्लान तैयार किया है। यह ट्रेन अधिकतम 180 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से महज 11 घंटे 30 मिनट में पूरा सफर तय करेगी। आइये जानते हैं यह गाड़ी किन स्टेशनों पर स्टॉप लेगी और इसकी खासियतें क्या-क्या हैं?

Image

भारत की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस

India First Sleeper Vande Bharat Express Train: अक्टूबर का महीना त्योहारों से भरा हुआ है, जिसमें दशहरा, करवाचौथ, दीपावली और छठ पर्व प्रमुख हैं। लिहाजा परदेश में रह रहे लोग त्योहार मनाने के उद्देश्य से अपने घरों की ओर लौटते हैं। लेकिन फेस्टिव सीजन के दौरान ट्रेनों में टिकटों की मारामारी से कई दफा लोग वतन वापसी से वंचित रह जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए रेलवे ने बड़ी तैयारी की है। जानकारी के मुताबिक, रेलवे त्योहार यानी दिवाली और छठ पर्व पर देशभर के विभिन्न रूटों पर 12000 से अधिक विशेष ट्रेनें संचालित करेगा। खासकर बिहारवासियों का ख्याल करते हुए अक्टूबर माह में देश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है। इस खास ट्रेन को लंबी यात्राओं के लिहाज से डिजाइन किया गया है। आइये जानते हैं यह गाड़ी कहां से कहां तक चलेगी, इसकी खासियत क्या है और इसमें सफर करने के लिए कितने रुपये खर्च करने पड़ेंगे?

पटना-दिल्ली स्लीपर वंदे भारत की टाइमिंग

दीपावली पर भारतीय रेलवे यात्रियों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है। यह ट्रेन यूपी, बिहार और दिल्ली को डायरेक्ट कनेक्ट करेगी। यानी पटना से चलकर प्रयागराज होते हुए दिल्ली तक सफर पूरा करेगी। यह करीब 1000 किलोमीटर की दूरी महज 11 घंटे 30 मिनट में तय करेगी। ट्रेन रात 8 बजे पटना से खुलकर अगले दिन सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। यह अन्य ट्रेनों या राजधानी एक्सप्रेस के 12-17 घंटे के मुकाबले कम समय में सफर पूरा करेगी।

भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर की स्पीड

मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह नई ट्रेन बीईएमएल (BEML) की उन्नत तकनीक से बनाई गई है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर की अधिकतम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। इसमें आधुनिक सुविधाएं सीसीटीवी, एलईडी स्क्रीन, सेंसर संचालित दरवाजे और फायर सेफ्टी सिस्टम उपलब्ध रहेंगे। फ्लाइट की तरह USB चार्जिंग प्वाइंट, रीडिंग लाइट, मॉड्यूलर पैंट्री, बायो वैक्यूम शौचालय, फर्स्ट क्लास एसी कोच में गर्म पानी के साथ शॉवर की सुविधा कुल मिलाकर यात्रियों को फ्लाइट में सफर जैसा अनुभव होगा।

भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का किराया कितना?

भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का किराया राजधानी एक्सप्रेस की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत अधिक हो सकता है। हालांकि, ये महज कयास हैं। वास्तविक किराया ट्रेन के लॉन्चिंग से पहले तय किया जाएगा। पहले संचालित नई दिल्ली-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस के एसी चेयरकार के लिए 2575 रुपये और एक्यीक्यूटिव चेयरकार के लिए 4655 रुपये खर्च करने होते हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया इसी के आसपास रखा जाएगा।

जानकारी विवरण
गाड़ी का नामवंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के स्टॉपेजपटना-प्रयागराज-दिल्ली
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की स्पीड180 किमी. प्रति घंटे
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की शुरुआती टाइमिंगरात्रि 8 बजे (पटना)
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के पहुंचने की टाइमिंग7 बजकर 30 मिनट (दिल्ली)
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का किरायावंदे भारत एक्सप्रेस के आसपास (अनुमानित)
पटना-दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस यात्रा समय11 घंटे 30 मिनट

जानकारी के लिए बता दें कि वंदे भारत ट्रेनें पहले दिन में सफर करने वाले चेयर कार मॉडल थी। लेकिन नई स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस रात भर की लंबी दूरी के लिए डिजाइन की गई है। भविष्य में रेलवे और भी स्लीपर वेरिएंट और क्वालिटी मॉडल तैयार करने का प्लान कर रहा है।

दरअसल, दिवाली और छठ पूजा पर बिहारवासी दिल्ली से अपने घर लौटते हैं। प्रत्येक साल दिल्ली-पटना रूट पर गाड़ियों की संख्या के मुकाबले यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। लिहाजा रेलवे ने स्लीपर वंदे भारत को उतारने का प्लान बनाया है। दिल्ली-पटना रूट व्यस्ततम रूटों में से एक है। ऐसे में समय से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने में ये ट्रेन काफी मददगार साबित होगी। इस ट्रेन से समय के साथ आरामदायक सफर प्रदान करेगी। इससे बिहार जाने वाले यात्रियों को सुविधा के साथ लग्जरी का भी एहसास होगा। जानकारी के मुताबिक, यह ट्रेन दिल्ली से पटना का सफर भी रात में ही तय करेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article