Patna Crime News: पटना में हथियारों की तस्करी करने वाले महाकाल गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात की गई छापेमारी में पुलिस ने दो कुख्यात तस्करों को धर दबोचा। जिनकी पहचान विनीत कुमार और हरे राम सिंह के तौर पर हुई। पुलिस की इस कार्रवाई में 3 राइफल, 1 रिवॉल्वर, 340 जिंदा कारतूस और करीब 5 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि ये दोनों आरोपी थोक में हथियार मंगवाकर स्थानीय बदमाशों को बेचते थे और दहशत फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो भी पोस्ट करते थे।
बिहटा और मनेर में हथियारों की तस्करी
पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि महाकाल गिरोह के सदस्य बिहटा और मनेर इलाके में हथियारों की तस्करी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर सोमवार देर रात छापेमारी की गई, जिसमें दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि विनीत पर पहले भी रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि हरे राम हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
गौरतलब है कि पुलिस ने इससे पहले जुलाई में इस गिरोह के सरगना सोनू कुमार और सुमित कुमार को गिरफ्तार किया था। अब तक गिरोह के 10 से 15 सदस्यों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह गिरोह हथियार कहां से मंगाता था।
