पटना

Patna Accident: अनियंत्रित होकर सोन नहर में गिरी कार, एक परिवार के 3 लोगों की मौत, दो घायल

Patna Accident: छत्तीसगढ़ से अपने वैशाली में स्थित अपने गांव लौट रहा एक परिवार पटना में दुर्घटना का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि उनकी कार अनियंत्रित होकर सोन नहर में जा गिरी। कार में सवार परिवार के पांच सदस्यों में तीन की मौत हो गई है और दो लोगों का इलाज चल रही है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।

Image

अनियंत्रित होकर सोन नहर में गिरी कार (फोटो- टाइम्स नाऊ नवभारत)

Patna Accident: बिहार की राजधानी पटना में भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यहां एक कार अनियंत्रित होकर सोन नहर में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार 3 लोगों की मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गश्ती दल मौके पर पहुंचे और कार में सवार सभी लोगों को नहर से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित किया। अन्य दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया।

नहर में कब गिरी कार

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा रानीतालाब थाना क्षेत्र के सरैया गांव के पास नाला रोड पर सुबह पांच बजे हुआ। स्थानीय लोगों की सहायता से कार में सवार पांचों लोगों को बाहर निकाला गया था। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि 5 लोगों का परिवार कार में सवार होकर छत्तीसगढ़ के श्रीरामपुर से अपने गांव करीहो, वैशाली लौट रहे थे। तभी पटना में बेकाबू कार अचानक नहर में गिर गई।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस ने बताया कि कार में सवार पति-पत्नी को स्थानीय लोगों ने पहले ही बचा लिया था, लेकिन 3 अन्य को वह नहीं बचा पाए और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान नीतू सिंह (36 वर्ष), अशतीतू सिंह (10 वर्ष) और निर्मला देवी (52 वर्ष) के रूप में की है। पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि कार ड्राइवर की गलती के कारण कार नदी में गिरी और उसमें सवार लोग दुर्घटना का शिकार हो गए।

रानीतालाब थाने के प्रभारी प्रमोद कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ से एक ही परिवार के पांच सदस्य कार में यात्रा कर रहे थे। चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन नहर में गिर गया। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।’’ उन्होंने बताया कि दो अन्य घायलों का इलाज हो रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article