Patna Murder: पटना में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। शहर में लगातार तीसरे दिन हत्या की वारदात सामने आई है। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में देर रात दो युवकों को गोली मार दी गई। जिसमें एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरे शख्स का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद से इलाके में डर का माहौल है।
दोनों युवकों का आपराधिक इतिहास
पटना में पिछले कुछ दिनों में आपराधिक घटनाओं में तेजी देखने को मिली है। देर रात को जिले में गोलीबारी की यह घटना पाटलिपुत्रा इलाके के मैनपुरा में हुई। जहां दो युवकों पर आरोपियों ने फायरिंग की। जानकारी के अनुसार दोनों युवक की क्रिमिनल हिस्ट्री रही है। हालांकि अभी तक पता नहीं चल सका है कि आरोपियों ने इस घटना को अंजाम क्यों दिया। साथ ही आरोपियों की भी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
पिछले दो दिनों में हुई हत्या की वारदातें
पटना में इससे पहले सोमवार को बिक्रम थाना क्षेत्र के मंझौली-सिंघाडा रोड पर गुरिला स्थान के नजदीक दो युवकों की हत्या हो गई थी। अपराधियों ने युवकों को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतारा था। वहीं मंगलवार को दो युवकों का शव गोलियों से छलनी मिला। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। दोनों मृतकों के ऊपर हत्या का आरोप था और पहले जेल भी जा चुके थे।
