Bihar Mega Job Fair 2025: श्रम संसाधन विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा 10 से 15 जुलाई 2025 तक मेगा जॉब फेयर 2025 का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान (वेटनरी कॉलेज ग्राउंड के पास) में आयोजित होगा।
श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह मेला राज्य के युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है। यहां उन्हें देश की 70 से अधिक नामचीन कंपनियों में रोजगार पाने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य के हुनरमंद युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
ये कंपनियां लेंगी हिस्सा
विभागीय सचिव दीपक आनंद ने जानकारी दी कि मेगा जॉब फेयर में एमआरएफ टायर्स, सबरोड लिमिटेड, एल एंड टी, सुधीर पॉवर लिमिटेड, बारबेक्यू नेशन, केपीआर मिल्स, जोमैटो, मुथूट फाइनेंस जैसी कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी।
इस मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा/पॉलीटेक्निक, बीटेक, एमबीए और अन्य डिग्रीधारक युवाओं के लिए रोजगार के विभिन्न विकल्प उपलब्ध होंगे। जानकारी के मुताबिक, इसका पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और इच्छुक प्रतिभागी क्यूआर कोड स्कैन करके ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं।
