पटना

बिहार में कई IAS ऑफिसर्स इधर से उधर, किसे मिला कौन सा विभाग? देखें पूरी लिस्ट

बिहार पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा को राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा उद्योग विभाग एवं परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह को महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

Image

(AI Image)

पटना : बिहार में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई अधिकारियों का शनिवार को ट्रांसफर किया गया, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सामान्य प्रशासनिक विभाग ने शनिवार की शाम इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना के मुताबिक, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा को राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा उद्योग विभाग एवं परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह को महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि वित्त सचिव डॉ. आशिमा जैन को स्थानांतरित करते हुए राजस्व पर्षद का अपर सदस्य बनाया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग की सचिव रचना पाटिल को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक वित्त विभाग में सचिव (व्यय) की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह, ग्रामीण कार्य विभाग में विशेष सचिव उज्जवल कुमार सिंह को पशुपालन निदेशक का दायित्व सौंपा गया है।

ये अधिकारी अपर महानिदेशक बिपार्ड के पद पर पदास्थापित

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक, पदस्थापन के प्रतीक्षा में रहे संजय कुमार को अगले आदेश तक अपर महानिदेशक बिपार्ड के पद पर पदास्थापित किया गया है। अरविंद कुमार वर्मा को मंत्रिमंडल सचिवालय में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि पदस्थापन के प्रतीक्षारत सत्येंद्र कुमार सिंह को सूचना जनसंपर्क विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। प्रतीक्षारत महाबीर प्रसाद शर्मा को वित्त विभाग का अपर सचिव बनाया गया है तथा अपर सचिव, जल संसाधन विभाग यशपाल मीणा को अगले आदेश तक निदेशक, हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

पथ निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव कृष्ण कुमार को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक निदेशक, संग्रहालय, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है जबकि भवन निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव आशुतोष द्विवेदी को राज्य परिवहन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article