बिहार के गया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां जिले में कोंच थाना क्षेत्र के तुतुरखी गांव में तिलक समारोह चल रहा था। मंच पर नाचने वाली चार लड़कियां स्थानीय गाने पर ठुमके लगा रही थीं और नीचे मौजूद लोग उनके साथ झूम रहे थे। इस दौरान मंच पर भी कुछ लड़के खड़े नजर आए। इस बीच नीचे से एक गोली आकर सीधे मंच पर खड़े युवक की कनपटी पर लगी और उसकी मौत हो गई।
तिलक समारोह के दौरान इस तरह युवक की गोली मारकर हत्या करने की घटना से हर कोई हैरान है। मृतक की पहचान कोंच में ही पाली गांव के निवासी अंजनी कुमार के रूप में हुई है। युवक की उम्र 27 वर्ष बतायी जा रही है और वह अपने घर में इकलौता लड़का था। घटना के बाद युवक के शव को मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मच गई अफरातफरी
देर रात करीब 1 बजे यह घटना हुई। मंच पर डांस चल रहा था और अंजनी कुमार भी मंच के एक कोने पर एक अन्य युवक के साथ खड़ा था। इसी दौरान स्टेज के नीचे मौजूद एक व्यक्ति ने अंजनी कुमार पर गोली चला दी, जो उनकी कनपटी पर जा लगी। गोली लगने से अंजनी कुमार स्टेज से नीचे गिर गए और तिलक समारोह में अफरातफरी मच गई।
वीडियो में दिखी वारदात
यह सनसनीखेज वारदात वहां बन रहे वीडियो में भी कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि अंजनी कुमार मंच पर डांस कर रही लड़कियों के साथ मंच के एक कोने पर खड़ा है। इसी दौरान मंच के सामने मौजूद हथियार के साथ मौजूद लोगों में से एक ने पिस्टल से अंजनी कुमार को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही अंजनी स्टेज से नीचे गिर गया। हत्या का यह वीडियो दिल दहला देने वाला है, इसलिए हम इस वीडियो को आपको नहीं दिखा रहे हैं।
पुरानी रंजिश थी!
मृतक के परिजनों का कहना है कि अंजनी कुमार की हत्या की गई है और इसके पीछे का कारण पुरानी रंजिश है। आरोप है कि पैक्स चुनाव में दुश्मनी के चलते यह हत्या की गई है। परिवारजनों ने तुतुरखी गांव के ही निवासी महेश शर्मा व अंगराही के मुखिया पिंटू शर्मा पर इस हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।
एसडीपीओ एसके चंचल का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि यह हत्या आपसी रंजिश का मामला लग रही है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास चल रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ से फिलहार कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
