शहर

Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा से पहले उत्तराखंड पुलिस की बड़ी तैयारीनीलकंठ यात्रा के लिए भी ट्रैफिक प्लान जारी

उत्तराखंड में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए ऋषिकेश पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा की विशेष योजना तैयार की है। नीलकंठ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग पार्किंग और रूट तय किए गए हैं।

Image

फाइल फोटो

Photo : PTI

उत्तराखंड में आगामी कांवड़ यात्रा और नीलकंठ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऋषिकेश, हरिद्वार, मुनि की रेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अधिकारियों के बीच एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक हुई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश तय किए गए। इस साल कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 11 अगस्त तक होने वाली है।

ट्रैफिक और पार्किंग का स्पेशल प्लान

देहरादून ग्रामीण एसपी जय बालुनी ने बताया कि नीलकंठ जाने वाले पैदल और वाहन सवार कांवड़ियों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग निर्धारित की गई हैं। ऋषिकेश और मुनि की रेती इलाके में स्थित IDPL मैदान को मुख्य पार्किंग स्थल बनाया गया है। बड़े वाहनों लेकर आने वाले कांवडिए यहां गाड़ी पार्क कर सकते हैं। जिसके बाद वे बैराज मार्ग से होते हुए पैदल नीलकंठ धाम जाएंगे। छोटे वाहनों से आने वाले श्रद्धालु नटराज बाईपास और मुनि की रेती होकर गरुड़ चट्टी के रास्ते नीलकंठ पहुंच सकेंगे।

वापसी के लिए तय किया गया अलग रूट

यात्रा से लौटने वाले वाहनों को लक्ष्मण झूला बैराज और चीला मार्ग से होकर जाना होगा। यदि बिन नदी में जलस्तर बढ़ता है या शाम 6 बजे के बाद वाहनों की आवाजाही रुकती है, तो वाहनों को श्यामपुर के रास्ते हरिद्वार की ओर भेजा जाएगा।

श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

एसपी जय बालुनी ने कहा, "हर साल लाखों कांवड़िए आस्था के साथ उत्तराखंड आते हैं। इस बार भी हम उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुखद बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारी कांवड़ियों से अपील है कि वे सकारात्मक भाव के साथ आएं, नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के विवाद या हुड़दंग से बचें।"

क्या है कांवड़ यात्रा?

कांवड़ यात्रा भगवान शिव के भक्तों की वार्षिक धार्मिक यात्रा है। इस दौरान श्रद्धालु हरिद्वार, गंगोत्री और गौमुख जैसे पवित्र स्थानों से गंगाजल लेकर अपने क्षेत्र के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। इस वर्ष कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article