बिहार के लखीसराय में आज यानी मंगलवार 1 से गुरुवार 3 जुलाई तक तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल चैन कैम्प का आयोजन किया गया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा समाहरणालय परिसर में इस कैंप का आयोजन किया जा रहा है। पटना की क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वधा रिजवी और लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने आवेदकों की उपस्थिति में इस कैंप का शुभारंभ किया।
डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में आवेदकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऊपर से लखीसराय जिले में कोई भी डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र भी नहीं है। इसकी वजह से पटना के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने लखसराय में पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैम्प का आयोजन किया है। ताकि आवेदको को अपने घर के पास ही पासपोर्ट संबंधी सुविधाएं मिल सकें।
बता दें कि 12 मई 2025 से भारत सरकार चिप युक्त पासपोर्ट जारी कर रही है। इस चिप में आवेदकों से जुड़ी सभी जानकारियां मौजूद होंगी। अप्रैल 2024 से अब तक कुल 9 कैंप आयोजित हो चुके हैं। सिवान, गोपालगंज, पूर्णिया, बगहा में कैंप आयोजित होने के बाद लखीसराय में आयोजित होने वाला यह 10वां कैंप है।
कैम्प में नए पासपोर्ट आवेदन के साथ ही पुराने पासपोर्ट री-इश्यू किए जाने के लिए आवेदन भी स्वीकार किए जा रहे हैं। इस कैम्प में तीन दिन हर रोज 55 अप्वाइंटमेंट स्लॉट जारी के गए हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदकों को आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर जाना होगा।
आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन भरकर निर्धारित शुल्क जमा करके पासपोर्ट सेवा मोबाइल चैन कैंप के लिए अप्वाइंटमेंट लेना होगा। अप्वाइंटमेंट की तारीख पर आवेदन को आवश्यक कागजातों की ऑरिजिनल कॉपी व सभी की फोटोकॉपी लेकर फोटो व उंगलियों के निशान एवं आवेदन तथा मूल प्रमाणपत्रों की जांच के लिए दिए गए टाइम स्लॉट के अनुसार कैम्प में मौजूद रहना होगा।
पासपोर्ट बनाने के लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है, उसके लिए ऊपर बतायी गई आधिकारिक वेबसाइट से जानकारी ले सकते हैं।
