पटना

Supaul Murder: लूटपाट के दौरान मजदूर की गोली मारकर हत्या, गुस्साए ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम; यातायात ठप

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के लालपट्टी-तुलापट्टी में बीच सड़क पर एक मजूदर के साथ बदमाशों ने लूटपाट की। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी मामले में जांच तेज कर दी है और आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

Image

आक्रोशित लोगों ने किया हाईवे जाम

Supaul Murder: बिहार के सुपौल जिले में बीच सड़क पर लूटपाट के दौरान एक मजूदर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने NH-327E जाम कर दिया। जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। लोगों की प्रशासन से मांग है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही घटनास्थल के आसपास पुलिस की गश्ती भी बढ़ाई गई है।

लूटपाट के लिए घात लगाए बैठे थे बदमाश

यह घटना जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के लालपट्टी-तुलापट्टी में बीच सड़क पर आम के बगीचे के पास हुआ। मृतक की पहचान कटैया माहे वार्ड नंबर 5 निवासी विकास यादव (30) के तौर पर हुई है। शुक्रवार देर शाम को विकास सिंघेश्वर से टेंट का काम करके घर वापस जा रहा था। इस दौरान बदमाश लूटपाट के इरादे से रास्ते में घात लगाए बैठे थे। आरोपियों ने विकास से उसका मोबाइल, रुपये और बैग लूट लिया। जिसका विरोध करने पर अपराधियों ने उसके सीने में गोली मार दी। जिससे विकास की मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार का भरण-पोषण करता था विकास

इस घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। विकास की हत्या से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के अनुसार विकास मेहनत-मजदूरी करता था। जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

हाईवे जाम कर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जब शनिवार सुबह करीब 11 बजे शव गांव में पहुंचा, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एनएच-327ई को जाम करके विरोध प्रदर्शन किया। जिस कारण हाईवे पर यातायात भी ठप हो गया। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। हेडक्वार्टर डीएसपी सह सुपौल के प्रभारी डीएसपी सर्वेश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान शांति बनाए रखें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article