बिहार में गंगा, गंडक और कोसी नदियों में आई बाढ़ से कई इलाके इन दिनों जलमग्न हैं। गंडक नदी के किनारे बसे खगड़िया में भी बाढ़ से बुरा हाल है। बाढ़ का पानी आबादी वाले इलाके में घुस आया है। गलियों में 3-4 फीट तक पानी जमा है, जो लोगों के घरों में घुस आया है। कई जगहों पर 6-7 फीट तक पानी है। लोगों को ग्राउंड फ्लोर छोड़कर छतों पर रहना पड़ रहा है। जलस्तर लगातार बढ़ने से लोगों का बुरा हाल है।
कई फीट पानी भरा होने से लोगों का पहले से रखा खाने-पीने का सामान खराब हो गया है और अब उनके पास खाने को कुछ नहीं है। मोहल्ले की गलियों में नावें चल रही हैं, लोगों के घरों के ग्राउंड फ्लोर पर कई-कई फीट तक पानी भरा हुआ है। इस पानी से घर में रखा सामान भी खराब हो रहा है।
खगड़िया जिले के रहीमपुर में टाइम्स नाउ नवभारत पहुंचा तो यहां बाढ़ का काफी बुरा प्रभाव दिखा। यहां की गलियों में कई फीट तक पानी भरा हुआ है और टाइम्स नाउ नवभारत ने बाढ़ के बीच प्रभावित लोगों तक पहुंचकर उनसे बात की। यहां लोगों ने बताया कि पिछले 10-15 दिन से इसी तरह से पानी भरा हुआ है।
यहां बाढ़ के पानी के बीच खड़ी एक महिला और अन्य लोगों ने टाइम्स नाउ नवभारत से बात करते हुए कहा कि उन्हें काफी दिक्कतें हो रही हैं। उनके पास पीने के लिए भी पानी नहीं है। महिला ने बताया कि पीने का पानी नाव से ला रहे हैं, प्रशासन की तरफ से किसी तरह की कोई सुविधा नहीं मिल रही है।
इस दौरान एक महिला ने अपने घर का हाल दिखाया। उनके घर में कई फीट तक पानी भरा हुआ था। ग्राउंड फ्लोर पर बने हर कमरे में पानी भरा हुआ था। उन्होंने बताया कि उनका पूरा परिवार पहली मंजिल पर रह रहा है।
