मुंबई

बुलेट ट्रेन अपडेट : भारत की इस फैक्टरी से 2027 में बनकर बाहर निकलेगी Bullet Train

अहमदाबाद और मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन का सपना भारत ने वर्षों पहले देखा था, जो अब धीरी-धीरे आकार ले रहा है। गुजरात में इस पर तेजी से काम हो रहा है और महाराष्ट्र में भी यह योजना समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है। 2027 में देश की पहली बुलेट ट्रेन देश की ही इस फैक्टरी से बाहर निकलेगी।

Image

2027 में फैक्टरी से बाहर आएगी पहली बुलेट ट्रेन (फोटो - AI)

देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना गुजरात में अहमदाबाद से महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बीच बन रही है। इस महत्वकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। अब तो हर किसी को इस परियोजना का काम पूरा होने और बुलेट ट्रेन के सफर का इंतजार है। बुलेट ट्रेन के सफर में तो अभी समय लगेगा। चलिए जानते हैं, परियोजना की क्या अपडेट है और पहली बुलेट ट्रेन किस फैक्टरी से कब तक बाहर आएगी।

2027 में खत्म होगा इंतजार

जी हां, बुलेट ट्रेन के लिए आपका इंतजार 2027 में खत्म होगा। यानी करीब 2 साल बाद बुलेट ट्रेन की पहली झलक आपको देखने को मिल सकती है। देश की पहली हाई स्पीड बुलेट ट्रेन मिड 2027 तक तैयार होकर बेंगलुरू में BEML के रेल कोच कॉम्प्लेक्स से बाहर निकलने की संभावना है। देश की यह पहली बुलेट ट्रेन दोनों शहरों के बीच 250 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। बता दें कि पिछले ही साल इंटीग्रल कोच फैक्टरी (ICF), चेन्नई ने BEML के साथ 8 कोच वाली दो हाई-स्पीड ट्रेनें बनाने का अनुबंध किया था।

ICF ने बुलेट ट्रेन के लिए एक डिजाइन कंसल्टेंट भी नियुक्त किया है, जिनसे हर हफ्ते चर्चा होती है। हाई-स्पीड ट्रेन में तकनीक में काफी ज्यादा बदलाव होता है, इसके लिए एयरटाइट डिजाइन काफी जरूरी होता है। बुलेट ट्रेन के प्रमुख पार्ट्स के लिए वेंडर भी तय हो चुके हैं और प्रपल्शन सिस्टम का ऑर्डर भी दिया जा चुका है। अहमदाबाद-मुंबई सेक्शन पर चलने वाली बुलेट ट्रेन का डिजाइन भी बनकर लगभग पूरा हो चुका है। ICF के जनरल मैनेजर यू. सुब्बा के अनुसार मिड 2027 तक बुलेट ट्रेन का प्रोटोटाइप तैयार हो जाएगा।

भारत में बनने वाली यह बुलेट ट्रेन तमाम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। इस बुलेट ट्रेन में रोटेटिंग सीट्स यानी घुमने वाली सीटें लगी होंगी। इसके अलावा इंपोटेनमेंट सिस्टम के साथ पूरी ट्रेन एसी होगी।

बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की खूबियां

अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की कुल लंबाई 508 किमी होगी। इसमें से 348 किमी हिस्सा गुजरात में और 156 किमी महाराष्ट्र में होगा। दोनों राज्यों में इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। इस पूरे कॉरिडोर में 21 किमी हिस्सा अंडरग्राउंड होगा, जिसमें से बुलेट ट्रेन 7 किमी समुद्री सुरंग और 5 किमी पर्वतीय सुरंग के अंदर से गुजरेगी। इस कॉरिडोर में बुलेट ट्रेन की अधिकतम स्पीड 320 किमी प्रति घंटे होगी, जिससे अहमदाबाद से मुंबई के बीच की 508 किमी की दूरी 2 घंटे 58 मिनट में तय होगी।

12 स्टेशन पर रुकेगी बुलेट ट्रेन

अहमदाबाद से मुंबई तक बुलेट ट्रेन के कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनमें से गुजरात में साबरमती, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा और वापी होंगे। महाराष्ट्र में बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था होगी। अच्छे और साफ-सुथरे शौचालय के साथ ही सामान रखने के लिए लॉकर की सुविधा व नर्सरी भी होगी।

इस साल आएंगी 25 अमृत भारत ट्रेनें

वंदे भारत ट्रेनों जैसी सुविधा वाली अमृत भारत ट्रेनों की खासियत यह है कि इसे आर्थिक रूप से निचले तबके को ध्यान में रखकर बनाया गया है। अमृत भारत ट्रेनें नॉन एसी हैं। ICF को रेलवे बोर्ड से 50 अमृत भारत एक्सप्रेस बनाने का ऑर्डर मिला है। इनमें से 25 ट्रेनें 2025-26 वित्त वर्ष के अंत तक और बाकी 25 ट्रेनें 2026-27 में तैयार हो जाएंगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article