पटना

Chhath Festive Special Trains: छठ पर घर जाने वाले तत्काल बुक करें टिकट, 2 और जबरदस्त ट्रेनें बनाएंगी आपकी यात्रा को स्पेशल

Chhath Festive Special Trains- त्योहारी सीजन में ट्रेन में टिकट को लेकर जबरदस्त मारामारी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली और पटना रूट के बीच स्पेशल वंदे भारत चलाने का ऐलान किया है। इसके अलावा 14 नवंबर मंगलवार को भी 82501 तेजस एक्सप्रेस चलाई जाएगी। इसके अलावा कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे।

Image

वंदे भारत और तेजस आपकी यात्रा को बनाएंगी मंगलमय

Photo : BCCL

Chhath Festive Special Trains: दिवाली और छठ में घर जाने वालों के लिए खुशखबरी है। ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कुछ और अतिरिक्त ट्रेनें संचालित करने का फैसला लिया है। दरअसल, दिवाली और छठ पर घर जाने वाले ज्यादातर लोगों को टिकट नहीं मिल पा रही है। लिहाजा, अब उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। रेलवे पैसेंजर की सुविधा के लिए दिल्ली से पटना से लिए वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएगी। इसके अलावा दिवाली बाद दिल्ली जाने वालों की सुविधा के लिए इस बार 14 नवंबर मंगलवार को भी 82501 तेजस एक्सप्रेस चलाई जाएगी। आम दिनों में मंगलवार को यह ट्रेन नहीं चलती थी, लेकिन इस बार रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। इसमें अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे। साथ ही गोमती एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस में अतिरिक्त बोगियां लगाने का भी फैसला किया गया है। तो चलिए जानते हैं किस दिन चलाई जाएगी ये ट्रेनें।

वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा

भारतीय रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह गाड़ी दिल्ली से पटना के बीच लोगों को सफर कराएगी। दिल्ली से पटना के बीच 900 किलोमीटर की दूरी को यह ट्रेन 11 घंटे और 35 मिनट में पूरा करेगी। रेलवे की तरफ से घोषणा के मुताबिक, यह ट्रेन दिल्ली से 11 नवंबर, 14 नवंबर और 16 नवंबर को चलाई जाएगी। इसी तरह पटना से दिल्ली के बीच स्पेशल वंदे भारत ट्रेन 12, 15 और 17 नवंबर को चलाई जाएगी।

यहां पर ठहरेगी वंदे भारत

वंदे भारत ट्रेन संख्या (02252/02251) नई दिल्ली से होते हुए कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा में रुकेगी. इस ट्रेन में कुल 16 कोच हैं, जिसे दो क्लास एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार में बांटा गया है। यह ट्रेन सुबह 7.35 मिनट पर चलकर 19 बजे शाम में पटना पहुंच जाएगी। वहीं पटना से सुबह 7.30 मिनट पर सुबह चलकर उसी शाम दिल्ली 19 बजे शाम में पहुंच जाएगी।

रेलवे ने दिवाली बाद वापसी के लिए लखनऊ से दिल्ली की एक स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा है। लखनऊ से 15 नवंबर को दिल्ली और वाराणसी से लखनऊ होकर वैष्णो देवी कटड़ा के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी है।

इन गाड़ियों में लगेंगे अतिरिक्त कोच

रेलवे पूजा स्पेशल ट्रेनों में भी अतिरिक्त बोगियां लगाएगा। 05023 गोरखपुर-दिल्ली स्पेशल में 12 नवंबर को, 05115 छपरा-आनंद विहार में 15 को, 05068 गोमतीनगर-मालतीपाटपुर स्पेशल में 16 नवंबर से, 04517 गोरखपुर-चंडीगढ़ स्पेशल में 11 नवंबर, 01432 गोरखपुर-पुणे स्पेशल में 11 नवंबर से, 09102 गोरखपुर-बड़ोदरा स्पेशल में 15 से और 05071 गोमतीनगर नई दिल्ली स्पेशल में 16 नंवबर को दो से तीन जनरल बोगियां लगाई जाएंगी।
Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article