Patna Police:पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र में बकाया बिजली मजदूरी मांगने पर निजी बिजली मिस्त्री की हत्या कर दी गई। तीन लोगों पर उसे पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाया गया है। मृत बिजली मिस्त्री सोनू कुमार की मौसी शोभा देवी ने थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाया है। पुलिस ने सोनू के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
दरअसल, आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत नाजीगंज के रहने वाले लक्ष्मण चौधरी का 25 साल का बेटा सोनू कुमार पटना के रूपसपुर के हरदासपुर में रहता था। यहां पर वह बिजली मिस्त्री का काम कर रहा था।
आरोपियों ने रात में बुलाया था काम करने के लिए
सोनू की मौसी द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, आरोपी सुनील के यहां सोनू बिजली से जुड़े डेकोरेशन का काम करता था। रात में सुनील ने सोनू को काम करने के लिए बुलाया था, लेकिन बकाया पैसा काम करने के बाद देने की बात पर विवाद को लेकर रात में ही सोनू की हत्या कर दी गई थी। अगली सुबह रूपसपुर थाना क्षेत्र के कोथवां चमरटोली शिव मंदिर के पास बिजली के खंभे के नीचे सोनू का शव मिला।सोनू के शरीर पर थे चोट के कई निशानसोनू के शरीर पर चोट के कई निशान थे। डेढ़ साल पहले ही सोनू की शादी हुई थी। इस संबंध में थाना अध्यक्ष रामानुज राम का कहना है कि, कोथवां चमरटोली शिव मंदिर के पास बिजली के खंभे से शव मिला है। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक की मौसी ने जिन लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, उन पर लगे आरोपों की जांच-पड़ताल की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके सब के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
