Sheikhupura Accident News: शेखपुरा जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटना नगर थाना क्षेत्र के एकसारी-मनियांडा मार्ग पर हुई, जहां तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने चेवाड़ा से शेखपुरा की ओर जा रहे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को एंबुलेंस की मदद से शेखपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया। सभी मृतक और घायल चेवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। सदर अस्पताल प्रबंधक धीरज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें पुलिस प्रशासन की ओर से हादसे की सूचना दी गई, जिसके बाद तुरंत एंबुलेंस मौके पर भेजी गई। उन्होंने बताया कि सात गंभीर घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनका प्रारंभिक इलाज किया गया।
एक और घायल ने अस्पताल में तोड़ा दम
धीरज कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान एक और घायल की मृत्यु हो गई, जबकि बाकी छह की हालत बेहद गंभीर थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी छह रोगियों को बिना देरी पावापुरी बीम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने उनके परिजनों को भी सूचना दे दी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने हाइवा ट्रक और ऑटो की टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाइवा ट्रक तेज रफ्तार में था, जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ। पुलिस वाहन के चालक की तलाश में जुट गई है।
राजस्थान में भी हुआ भीषण हादसा
आज हादसे की एक खबर राजस्थान के अलवर से भी आई। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 31 यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना पिनान इंटरचेंज ब्रिज के पास उस समय हुई जब अहमदाबाद से दिल्ली जा रही बस सुबह करीब छह बजे एक खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक में धंस गया। बस रविवार दोपहर अहमदाबाद से निकली थी। हादसे की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे यात्री रोशन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
