दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण एक्सीडेंट, दो की मौत
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर आज यानी मंगलवार 25 नवंबर की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में पिनान इंटरचेंज पुलिया के पास एक वोल्वो बस और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस एक्सीडेंट में ट्रक के खलासी सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। एक्सीडेंट के बाद घायल 15 लोगों को अलवर के राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को पिनान में फर्स्ट-एड के बाद छुट्टी दे दी गई है। बता दें कि देश का सबसे लंबे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे अभी पूरी तरह से बनकर तैयार नहीं हुआ है। लेकिन बीच-बीच में इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक एक वोल्वो बस जो अहमदाबाद से दिल्ली की ओर जा रही है, वह सुबह करीब 6 बजे पिनान के पास एक ट्रक से टकरा गई। एक व्यक्ति की तो घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य रोशन लाल पुत्र रामकिशन ने अलवर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह विराट नगर का मूल निवासी था।
एक्सीडेंट के बारे में जानकारी मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत पिनान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर के हायर सेंटर में रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार वोल्वो बस कल दोपहर 2.30 बजे अहमदाबाद से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रक में घुसी बस को हटाया। पुलिस ने इस एक्सीडेंट के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है।
जिस ट्रक के साथ वोल्वो बस की टक्कर हुई, वह लकड़ी लेकर चंबल से हरियाणा मे नूंह-मेवात जा रहा था। टायर पंक्चर होने के कारण ट्रक वहां खड़ा था और खलासी ट्रक का टायर बदल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही वोल्वो बस ने ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषणथी कि सामने की तरफ से बस के परखच्चे उड़ गए। बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक के पंक्चर टायर को बदल रहे खलासी हरियाणा के मेवली नूंह निवासी हारुन पुत्र अब्दुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रक में मौजूद 7 लोग भी घायल हुए हैं और बस में 25 लोगों के घायल होने की खबर है।
बस के ड्राइवर भैरू सिंह की हालत भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें जयपुर के लिए रैफर किया गया है। बताया जा रहा है कि एक्सीडेंट के समय बस की रफ्तार काफी ज्यादा थी। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा और दोनों वाहनों को हटवाकर एक्सप्रेसवे को यातायात के लिए बहाल किया। शुरुआती जांच के अनुसार यह दुर्घटना बस की तेज रफ्तार और लापरवाही का कारण माना जा रहा है।