बौंसी में सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दुमका नेशनल हाईवे पर एक बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें लगभग एक 12 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब देवघर से भागलपुर जा रही बस बौसी ब्लॉक गेट के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
घायलों में दो महिला शिक्षिकाएं, एक शिक्षक, बस चालक और कंडक्टर समेत कई यात्री शामिल हैं। सूचना मिलते ही बौसी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को स्थानीय रेफरल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रंजन कुमार ने गंभीर रूप से घायल बस चालक शंभू सिंह (64) और प्रेम कुमार (35) को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
अन्य घायलों में 4 वर्षीय गणेश कुमार, 22 वर्षीय रीता देवी, 40 वर्षीय विष्णु चौधरी, 30 वर्षीय डोली देवी, 25 वर्षीय निशा कुमारी, 32 वर्षीय खुशबू, 38 वर्षीय तुलसी राम, 66 वर्षीय दिनेश प्रसाद शर्मा, 47 वर्षीय बिनोद कुमार यादव और 47 वर्षीय सुनील यादव शामिल हैं। इन सभी का प्राथमिक उपचार कर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बौसी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि बस और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया गया है तथा मामले में प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
