पटना

Fire in Danapur Lokmanya Tilak Express : लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के कोच में लगी आग, धू-धूकर जला डिब्बा, जानें फिर क्या हुआ

Fire in Danapur Lokmanya Tilak Express : ट्रेन संख्या 01410 दानापुर - लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस कारीसाथ स्टेशन से रात्रि 12.15 बजे रवाना हुई, जिसके बाद इसके एक कोच में आग लगने की घटना संज्ञान में आई।

Image

दानापुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में लगी आग

Fire in Danapur Lokmanya Tilak Express : बिहार के भोजपुर जिले में गजराजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कारीसाथ रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि एक ट्रेन की एक वातानुकूलित (एसी) बोगी में अचानक आग लग गई जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि जिस डिब्बे में आग लगी थी उसे ट्रेन के अन्य डिब्बों से अलग कर दिया गया और घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 01410 (दानापुर - लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस) कारीसाथ स्टेशन से रात्रि 12.15 बजे रवाना हुई जिसके बाद इसके एक कोच में आग लगने की घटना संज्ञान में आई।

उन्होंने बताया कि कोच में लगी आग को बुझा दिया गया। उन्होंने कहा कि इस डिब्बे में आरा स्टेशन तक किसी भी यात्री की बुकिंग नहीं थी और अलग किये गये अन्य डिब्बों को बाद में ट्रेन से जोड़कर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। कुमार ने बताया कि इस हादसे के कारण उक्त मार्ग पर ट्रेन परिचालन लगभग 4 घंटे बाधित रहा। भोजपुर जिला पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि घटनास्थल सुनसान जगह होने तथा वहां पर सड़क मार्ग से संपर्क नहीं होने के कारण काफी कठिनाई के बाद पुलिस के सहयोग से दमकल कर्मियों को वहां पर पहुंचाया गया तथा काफी मशक्कत के बाद उक्त एसी कोच में आग पर काबू पाया गया।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ‘शॉर्ट सर्किट’ से ही आग लगने की बात प्रकाश में आयी है। अधिकारी ने कहा कि घटना की और गहराई से जांच के लिए भोजपुर पुलिस, रेलवे पुलिस तथा रेलवे विभाग के साथ लगातार संपर्क में है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article