Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शादी समारोह के दौरान हिंसा की गई है। यह घटना बुधवार शाम को नगरह के नवटोलिया मोहल्ले में हुई, जब बारात निकलने से पहले डीजे पर डांस को लेकर कुछ लोगों में विवाद उत्पन्न हुआ। देखते ही देखते ये विवाद इतना बढ़ गया है इसने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि डीजे को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने दूल्हे और उसकी मां को जमकर पीटा है।
दूल्हे और उसकी मां को घसीट-घसीटकर पीटा
बताया जा रहा है कि इस विवाद के दौरान दूल्हे नीतीश कुमार मंडल और उसकी मां नंदिनी देवी को गंभीर चोटें आईं। नीतीश की शादी रंगरा थाना क्षेत्र के साधोपुर गांव की एक लड़की से तय हुई थी, और विवाह का आयोजन तेतरी दुर्गा मंदिर परिसर में होना था। शादी से पहले की रस्मों के दौरान, जब परिवारजन और रिश्तेदार घर लौट रहे थे, तब डीजे पर पारंपरिक संगीत बज रहा था और महिलाएं व पुरुष अलग-अलग समूहों में नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक महिला समूह के बीच घुसकर डांस करने लगे, जिस पर परिवार के लोगों ने आपत्ति जताई।
विरोध करने पर बात बढ़ गई और मोहल्ले के कुछ युवकों ने दूल्हा और उसकी मां पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हे को खींचकर पीटा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। दूल्हे की मां को भी धक्का-मुक्की में घायल कर दिया गया। दोनों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
