पटना

सहरसा में खनन विभाग के डाटा ऑपरेटर को बाइक सवार संदिग्ध ने मारी गोली, हालत नाजुक

सहरसा जिले में सोमवार शाम अपराधियों ने खनन विभाग जमुई में कार्यरत एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वह संतनगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। जरसैन गांव के पास एक बदमाश ने उन पर हमला किया। घायल अवस्था में उन्होंने परिजनों को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई गई।

Image

परिजनों से जानकारी लेती पुलिस

Photo : Times Now Digital

Bihar Firing News: सहरसा जिले में सोमवार की देर शाम अपराधियों ने खनन विभाग जमुई में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल युवक की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के सत्तर गांव वार्ड 4 निवासी और सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेंद्र यादव के पुत्र मृत्युंजय कुमार के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम करीब छह बजे हुई जब मृत्युंजय अपने गांव से स्कूटी पर संतनगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मत्स्यगंधा से पहले जरसैन गांव के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार अपराधी ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और फोन कर सहरसा में मौजूद अपने संबंधियों को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिजन तत्काल उन्हें लेकर गांधी पथ स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। घटना की खबर मिलते ही सहरसा पुलिस हरकत में आ गई। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, लाइन डीएसपी ओमप्रकाश और सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

मामले की जांच जारी

सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस को शाम करीब सवा सात बजे घटना की सूचना मिली थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों ने किन कारणों से गोली मारी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

पटना में भी हुई थी गोलीबारी

इससे पहले शनिवार रात को भी पटना के बख्तियारपुर के सालिमपुर थाना क्षेत्र में एक गोलीबारी की घटना सामने आई। यहां एक लाइन होटल में कुछ बदमाशों ने बिल चुकाने की मांग करने पर गोली चला दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खाना खाने के बाद जब उनसे बिल चुकाने को कहा गया तो वे भड़क उठे और होटल में हंगामा करने लगे। कर्मचारियों ने विरोध किया तो चारों अपराधियों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई राउंड फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत पहुंची और कार्रवाई करते हुए चार में से तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक लोडेड पिस्टल और दो खोखे बरामद हुए थे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article