पटना

Darbhanga: मुहर्रम के जुलूस में करंट का कहर: हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक की मौत, 24 घायल

Darbhanga News Today (दरभंगा की खबर ): बिहार के दरभंगा जिले के ककोढ़ा गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन तार की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई और 24 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। एक और घटना में दो समुदायों के बीच झड़प हो गई जिसमें 2 घायल हो गए।

Image

मुहर्रम के जुलूस में करंट लगने से हादसा

Photo : Times Now Digital

Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड स्थित ककोढ़ा गांव में शनिवार शाम मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जुलूस के दौरान हाईटेंशन बिजली के तार की संपर्क में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य लोग घायल हो गए। दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि यह घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के काकोरहा गांव में उस समय हुई जब तीन गांवों के लोग ताजिया मिलान कर रहे थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।

मुखिया श्रवण कुमार साहू, उपमुखिया सुरेश महतो, मो साजिद, मो हारून, मो रहमत, मो बिस्मिल और मो मिराज गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान ककोढ़ा निवासी मोहम्मद मिराज के रूप में हुई है। घायलों का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) और आसपास के प्रखंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान से जुलूस गुजर रहा था वहां सड़क किनारे 11,000 वोल्ट का हाईटेंशन तार काफी नीचे लटका हुआ था, जिससे यह दुर्घटना घटी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए अलीनगर,मनीगाछी, बेनीपुर से एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची हुई थी।

ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों में हादसे को लेकर आक्रोश है। उनका आरोप है कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही की देन है। हर साल मुहर्रम के दिन एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद की जाती थी, लेकिन इस बार न तो बिजली काटी गई और न ही पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए। मौके पर दंडाधिकारी और कई अधिकारी मौजूद होने के बावजूद बिजली चालू रही, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान ठोस सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की है।

जुलूस में दो समुदायों के बीच झड़प

एक अन्य घटना में, मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर इलाके में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार ने बताया कि यह घटना गौरीहार क्षेत्र में उस समय हुई जब जुलूस वहां से गुजर रहा था। दो समुदायों के बीच तीखी बहस के बाद टकराव हो गया। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में किया। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article