बिहार के सीतामढ़ी में माता जानकी मंदिर का भव्य निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है, जिस पर अनुमानित एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह मंदिर अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, ताकि इसे वैश्विक धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जा सके। इस परियोजना के लिए नोएडा स्थित कंपनी मेसर्स डिजाइन एसोसिएट्स इनकॉरपोरेटेड्स को डिजाइन कंसल्टेंट के रूप में चयनित किया गया है। पर्यटन विभाग के अनुसार, निर्माण एजेंसी द्वारा प्रस्तावित डिज़ाइन तैयार किए जाने के बाद एक विस्तृत विकास ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रस्तुत किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए श्री जानकी जन्मभूमि पुनौरा धाम मंदिर न्यास समिति का गठन कर दिया गया है। इस 9 सदस्यीय समिति में बिहार के मुख्य सचिव अध्यक्ष और विकास आयुक्त उपाध्यक्ष हैं। मंदिर परिसर के लिए पहले से ही 17 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जबकि संपूर्ण विकास कार्य के लिए 50 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए 120 करोड़ रुपये की राशि पहले ही भूमि अधिग्रहण हेतु आवंटित की जा चुकी है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन, पूजन और आवास की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसमें विशाल पार्किंग क्षेत्र, धर्मशाला, और सुरक्षा सुविधाएं भी शामिल होंगी, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सहज और सुरक्षित अनुभव मिल सकेगा।
