पटना

बिहार की बेटियां भी देश का नाम रोशन करेंगी- पेरिस ओलंपिक के लिए जब क्वालिफाई हुई MLA श्रेयसी सिंह तो बोले चिराग पासवान

जमुई विधायक श्रेयसी सिंह के पेरिस ओलंपिक में चयन होने पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है। श्रेयसी सिंह ने ग्लासगो में हुए 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया था।

Image

MLA श्रेयसी सिंह की तारीफ में चिराग पासवान ने पढ़े कसीदे

Photo : Twitter

बिहार के जमुई से विधायक श्रेयसी सिंह के पेरिस ओलंपिक में क्वालिफाई करने पर केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने उनकी जमकर तारीफ की। चिराग पासवान ने श्रेयसी सिंह को शुभकामनाएं भी दीं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब वो दिन दूर नहीं जब बिहार की बेटियां भी देश का नाम रौशन करेंगी।

चिराग पासवान ने श्रेयसी सिंह को दी बधाई

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- "माननीय विधायक और मेरी बहन सुश्री श्रेयसी सिंह जी का चयन पेरिस ओलंपिक में होना हम सब के लिए गौरव और सम्मान की बात है। बिहार की पहली खिलाड़ी जो ओलंपिक का हिस्सा होगी, ये समस्त देशवासियों सहित हर बिहारियों के लिए हर्ष का विषय है। मैं श्रेयसी सिंह जी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि श्रेयसी सिंह जी अपने कला और कौशल से देश का मान बढ़ाएंगी।"

बिहार की पहली एथलिट, जो खेलेंगी ओलंपिक

जमुई विधानसभा की विधायक श्रेयसी सिंह का पेरिस में आयोजित ओलंपिक खेल में शॉटगन ट्रैप वूमेन प्रतियोगिता में चयन हुआ है। श्रेयसी सिंह बिहार की पहली एथलीट बन गई हैं, जिसका चयन ओलंपिक के लिए हुआ है। श्रेयसी सिंह ने ग्लासगो में हुए 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया था। उसी वर्ष उन्होंने 2014 एशियाई खेलों में इंचियोन में डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में शगुन चौधरी और वर्षा वर्मन के साथ कांस्य पदक जीता था। साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया कॉमनवेल्थ गेम्स में निशानेबाजी की वूमेन डबल ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल पर श्रेयसी सिंह ने कब्जा जमाया था। इसी साल श्रेयसी सिंह को राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

श्रेयसी सिंह का राजनीतिक सफर

यसी सिंह 2020 में भाजपा में शामिल हुईं। पार्टी ने उन्हें जमुई सीट से उतारा और उन्होंने जीत हासिल की। विधायक श्रेयसी सिंह का जन्म 29 अगस्त 1991 को नई दिल्ली में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय दिग्विजय सिंह सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री रहे। उनकी मां पुतुल सिंह भी सांसद रहीं। श्रेयसी सिंह ने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से ग्रेजुएशन और मानव रचना विश्वविद्यालय फरीदाबाद से एमबीए की पढ़ाई की है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article