Chhapra Double Murder: बिहार के छपरा में दोहरे हत्याकांड की वारदात सामने आई है। मंगलवार देर शाम को गोदरेज शोरूम के मालिक अमरेंद्र सिंह और उनके दोस्त शंभू सिंह को अपराधियों ने गोली मार दी। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास पुलिस बलको भी तैनात किया गया है।
घर से कुछ ही दूरी पर मारी गोली
यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के प्रभुनाथनगर में टेलीफोन एक्सचेंज के पास हुई। बताया जा रहा है कि अमरेंद्र सिंह अपने दोस्त शम्भू सिंह के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उनके घर से कुछ ही दूरी पर बाइक सवार अपराधियों ने दोनों को गोली मार दिया। छपरा के सदर अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद परिजन दोनों को लेकर पटना चले गए हैं।
राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे अमरेंद्र
इस डबल हत्याकांड से शहर में खलबली मची हुई है। घटना की सूचना पाकर सारण एसएसपी दलबल के साथ मौका ए वारदात पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। एसएसपी ने बताया कि पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने का संदेह है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कि अमरेंद्र सिंह राजनीतिक गतिविधियों के साथ ही सामाजिक कार्यो में भी सक्रिय रहते थे। वे जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे।
