पटना

Gopalganj: गोपालगंज में वोटिंग के बाद बवाल; RJD को वोट नहीं देने पर दलित परिवार से मारपीट

Gopalganj News: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में हिंसा की घटनाएं सामने आईं। सिधवलिया थाना के बुचेया गांव में एक दलित परिवार पर RJD को वोट न देने के आरोप में हमला हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हुए। SDPO राजेश कुमार ने बताया कि बंगरा, देवकुली और बुचेया में मारपीट की शिकायतें दर्ज की गई हैं।

Image

घटना की जानकारी देते SDPO राजेश कुमार

Photo : Times Now Digital

Gopalganj Violence: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान खत्म होने के कुछ घंटे बाद ही हिंसा की एक घटना सामने आई। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया गांव में एक दलित परिवार के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि परिवार ने RJD को वोट नहीं दिया, इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर उन पर हमला कर दिया। पीड़ितों ने बताया कि मतदान करके जैसे ही वे घर लौट रहे थे, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और बीजेपी को मतदान करने का आरोप लगाते हुए पीटना शुरू कर दिया। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीन जगह हिंसा की शिकायत

SDPO राजेश कुमार ने बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के बाद तीन अलग-अलग इलाकों, बैकुंठपुर थाना के बंगरा, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के देवकुली और सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया गांव में मारपीट की घटनाएं हुई हैं। तीनों जगहों पर शिकायत दर्ज की गई है और आरोप RJD समर्थकों पर लगाए गए हैं। SDPO ने कहा कि घायलों से लिखित आवेदन लिया जा रहा है और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पीड़ितों ने अखिलेश यादव, विशाल यादव समेत कई लोगों का नाम इस हमले में शामिल होने की बात कही है।

बीजेपी प्रत्याशी ने बोला हमला

बीजेपी प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी देर शाम सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने इस पूरे मामले को RJD विधायक प्रेम शंकर यादव की संभावित हार की हताशा बताते हुए कहा कि इसी के चलते उनके समर्थकों ने बीजेपी समर्थकों पर हमला किया है। मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बंगरा में संजीत मिश्रा, देवकुली में सुमन सिंह और बुचेया में दलित परिवार के सदस्यों पर हमला हुआ है। उन्होंने प्रशासन से 48 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटनाओं के बाद गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article