Bihar Weather Today: अभी मई की शुरुआत भी नहीं हुई है कि बिहार में गर्मी का कहर बरसना भी शुरू हो गया है। मई के महीने में झुलसा देने वाली गर्मी अप्रैल के महीने से ही पड़ने लगी है। बिहार के कई शहरों का तापमान 40 के पार पहुंच गया है। वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म हवाओं के चलने के आसार है, जिससे लोगों को लू लगने की संभावना भी बढ़ रही है।
इन शहरों में 40 के पार तापमान
बिहार में तापमान बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को बिहार का सबसे गर्म शहर शेखपुरा रहा। यहां का तापमान बढ़कर 44.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। वहीं बिहार की राजधानी पटना भी हॉट वेदर जोन में पहुंच गई है। क्योंकि पटना का तापमान भी 42.2 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा सारण में 40.3 डिग्री, सिवान में 41.02 डिग्री, बेगूसराय में 41.5 डिग्री, नालंदा में 41.9 डिग्री, मधुबनी में 42 डिग्री, बांका में 42.5 डिग्री, रोहतास में 42.6 डिग्री, भोजपुर में 42.7 डिग्री, खगड़िया में 42.8 डिग्री, जुमई में 43.2 डिग्री, नवादा में 43.2 डिग्री, औरंगाबाद में 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
लू लगने से लोग हुए बीमार
लू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पटना के विभिन्न अस्पतालों में करीब 90 मरीजों को लू लगने के कारण भर्ती किया गया है। इसके अलावा हीट वेव और बढ़ते तापमान के कारण हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामले भी बढ़ रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि पटना में 25 किमी की रफ्तार से हीट वेव चल रही है, जिसका असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि घर से पानी पी कर निकले व अपने साथ एक पानी की बोटल जरूर रखें। इसके अलावा दोपहर के समय घरों से बाहर कम से कम जाएं।
इन आठ शहरों में हीट वेव का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राजधानी पटना, शेखपुरा, जुमई, भोजपुर, औरंगाबाद, बांका, नवादा और नालंदा में 21 से 24 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट (Heat Wave Alert) जारी किया है। उन्होंने बताया कि इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी-पछुआ हवाएं चलने के आसार है।
