Bihar Weather Latest News Updates: बिहार में भारी बारिश का दौर जारी है। जलजमाव से लोग परेशान हो रहे हैं। पिछले दिनों उत्तर बिहार में मानसूनी बारिश इतनी जोरदार हुई की बाढ़ के हालात बन गए। कुछ हिस्सों में बाढ़ का पानी तक आ गया। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, उत्तर मध्य, दक्षिण-पश्चिम एवं दक्षिण-मध्य जिलों के कुछ स्थानों पर बारिश के साथ मेघ गरजने और वज्रपात होने की संभावना जताई है। यहां रह रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने के साथ लोगों को घरों में सुरक्षित रहने के लिए कहा गया है। इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के 13 जिलों में येलो अलर्ट, जबकि 25 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बिहार के इन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार (Bihar Heavy Rain Alert) के सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाज और अरवल में कहीं भारी बारिश तो कहीं बिजली और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में जारी येलो अलर्ट
बिहार की राजधानी पटना, नालंदा, जहानाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, बांका और लखीसराय में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
बिहार में बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो गई है। नदियां उफान पर है। नदियों और नहरों का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। कई इलाकों में बाढ़ का पानी आ गया है। भारी बारिश के कारण सड़कों पर हुए जलभराव से लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। जहां बारिश से प्रदेश का मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
