Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21-June-2025: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरी तरह दस्तक दे दी है और इसका प्रभाव राज्य के सभी 38 जिलों में साफ तौर पर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को पूरे प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट भी आया है। भारी गर्मी के बाद आए मानसून के इस मौसम से सूरज की तपिश से राहत तो मिल गई, लेकिन उमस वाली गर्मी का दौर भी साथ-साथ चल पड़ा है। नमी से भरी पछुआ बयार बारिश की संभावना तो बढ़ा रही है, साथ ही एक दो दिन में तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
आज बढ़ सकती है बारिश
शुक्रवार को पटना, सारण , मुजफ्फरपुर, वैशाली, औरंगाबाद, गया सहित अधिकांश जिलों में देर रात तक झमाझम बारिश होती रही। आज भी मौसम का कमोबेश यही हाल रहने वाला है। बारिश की स्थिति में आज बढ़ोतरी हो सकती है। आज बिहार के सभी जिलों के अधिकतर जगहों पर दिनभर बारिश होने की संभावना है जबकि कुछ जिलों में तो भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम
मानसून का पूरा असर बिहार पर दिख रहा है। आज मौसम विभाग ने राज्य भर के लिए बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। खास तौर पर 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने आगामी कुछ दिनों तक भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और बक्सर जिलों में आज भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
कल कैसा रहेगा मौसम का हाल
कल यानी रविवार के लिए भी पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य राज्य के पूर्वी भागों के जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटे रहने वाली है। वहीं किशनगंज, अररिया, सुपौल, बांका और भागलपुर जिलों के कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके लिए यहां पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के पश्चिमी और पश्चिम मध्य जिलों के एक या दो जगहों पर बिजली गिरने और तेज हवा की संभावना है। इसके साथ ही पूर्णिया, कटिहार, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, नवादा, शेखपुरा और मधेपुरा जिलों के एक या दो स्थानों में भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके लिए IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है।
