Bihar Vidhan Sabha Chunav : बिहार में पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार थमा, 6 नवंबर को 121 सीटों पर होगा मतदान; पहले चरण में CM नीतीश, डिप्टी सीएम सम्राट समेत 16 मत्रियों की किस्मत का होगा फैसला
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान मंगलवार की शाम छह बजे थम गया। इस चरण में राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीट पर छह नवंबर को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोग ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि मतदान केंद्रों पर उत्सव जैसा माहौल बनाया जाए ताकि मतदाता बड़ी संख्या में मतदान के लिए आगे आएं। आयोग ने बूथ पर शत प्रतिशत वेबकास्टिंग, नई मतदाता सूचना पर्ची (वीआईएस) की सुविधा और ईवीएम नेट ऐप के माध्यम से मतदान रिपोर्टिंग जैसे तकनीकी नवाचारों को लागू किया है। पहले चरण के लिए 121 सामान्य, 18 पुलिस और 33 व्यय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। निर्वाचन क्षेत्रों के लिहाज से दीघा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 4,57,657 मतदाता हैं, जबकि बरबीघा में सबसे कम 2,31,998 मतदाता पंजीकृत हैं। क्षेत्रफल के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र सबसे छोटा (16.239 वर्ग किलोमीटर) और सूर्यगढ़ा सबसे बड़ा (62.247 वर्ग किलोमीटर) है। निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिलों में मतदान होगा।
Bihar Vidhan Sabha Chunav : बिहार में पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार थमा, 6 नवंबर को 121 सीटों पर होगा मतदान; पहले चरण में CM नीतीश, डिप्टी सीएम सम्राट समेत 16 मत्रियों की किस्मत का होगा फैसला
