पटना

Gopalganj News: शराब तस्करों को जेल भेजना पड़ा महंगा, चौकीदार को जान देकर चुकानी पड़ी कीमत

Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज के बैकुंठपुर में तैनात चौकीदार की शराब तस्करों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बताया कि चौकीदार ने कुछ समय पहले शराब तस्करों को जेल भिजवाया था, जिसका बदला लेने के लिए यह वारदात हुई-

Image

सांकेतिक फओटो

Photo : iStock

Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के एक चौकीदार को शराब तस्करों को जेल भेजने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस ने बुधवार को चौकीदार की हत्या मामले का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दावा किया कि जेल भेजने के प्रतिशोध में शराब तस्करों ने चौकीदार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।

शादी समारोह से घर लौट रहा था चौकीदार

दरअसल, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में तैनात चौकीदार झमिंद्र राय का शव मंगलवार को सोनवलिया गांव के पास से बरामद किया गया था। राय एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे कि रास्ते मे अपराधियों ने उनकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।

चौकीदार की हत्या की प्लानिंग

इस मामले में पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने तत्काल एक विशेष जांच टीम का गठन किया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी। दीक्षित ने बताया कि गम्हरिया गांव निवासी सुरेंद्र राय को पुलिस ने अगस्त महीने में शराब के साथ गिरफ्तार किया था। अक्तूबर माह में जेल से बाहर निकलने के बाद उसने बेटे बिकेश के साथ मिलकर चौकीदार की हत्या की प्लानिंग बनाई थी। उसे आशंका थी कि चौकीदार राय की सूचना के बाद ही उसकी गिरफ्तारी हुई। इसके बाद वह इससे बदला लेने के फिराक में था।ॉ

मामले में पिता और पुत्र की गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोमवार की रात झमिंद्र राय एक शादी समारोह से जब लौट रहे थे तब सुरेंद्र राय और उनके पुत्र बिकेश कुमार ने चाकू मारकर उनकी हत्या कर दी। इस मामले में पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चौकीदार से लूटी गयी बाईक, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त चाकू के अलावा एक देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है।

पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया

मंगलवार की देर रात जब पुलिस छापेमारी करने गम्हरिया गांव में पहुंची, तब बिकेश कुमार ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें बिकेश को पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। एसपी दीक्षित ने कहा कि न्यायालय में शीघ्र ही चार्जशीट सौंपते हुए स्पीडी ट्रायल चलाने के लिए पुलिस की ओर से अनुशंसा की जाएगी तथा जांच टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इनपुटः आईएएनएस

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article