एटा: जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में कार और ट्रक की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। यह हादसा गांव गदनपुर के पास हुआ, जब एक वैगनार कार और ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल सभी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार रात की है जब कार सवार लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने एक साथी को उसके गांव छोड़ने नगला गलू जा रहे थे तभी ट्रक से भिड़ंत हो गई।
इनकी हुई मौत
उसने बताया कि हादसे में अनूप (26), उसके दोस्त इकेश (25) और करू (35) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और अमित घायल हो गया जिसका एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक साथ तीन दोस्तों की मौत से संबंधित गांवों में मातम छाया है।
