बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित NDA के मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में इस बार कई नए चेहरों को जगह दी गई है। कुछ ऐसे नेता भी मंत्री बने हैं, जो लंबे समय से राजनीति में हैं, लेकिन कभी मंत्री पद तक नहीं पहुंचे। नए चेहरों में एक प्रमुख नाम श्रेयसी सिंह का लिया जा रहा है, जिन्होंने आज पटना के गांधी मैदान में शपथ ली। तो फिर जानते हैं कि आखिर यह श्रेयसी सिंह कौन हैं?
कौन हैं श्रेयसी सिंह?
श्रेयसी सिंह एक खिलाड़ी हैं, जिन्होंने शूटिंग में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। श्रेयसी सिंह ने 2018 के गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में शूटिग की डबल ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर देश को खुशियां दीं। इससे पहले 2014 के ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में श्रेयसी सिंह ने डबल ट्रैप स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। 2010 में श्रेयसी ने दिल्ली में आयोजित हुई कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप की ट्रैप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था। 2017 में ब्रिसबेन में आयोजित हुई कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में उन्होंने डबल ट्रैप में सिल्वर मेडल जीता था।
श्रेयसी सिंह ने 2014 के इचियोन एशियन गेम्स में डबल ट्रैप टीम का ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके अलावा एशियन चैंपियनशिप में श्रेयसी सिंह के नाम तीन गोल्ड और तीन सिल्वर मेडल हैं, जो उन्होंने टीम इवेंट्स में जीते थे। 2012 पटियाला, 2014 अल-एन और 2016 आबू धाबी में श्रेयसी ने टीम ईवेंट में गोल्ड मेडल जीता था। यही नहीं 2011 क्वालालंपुर, 2013 अल्माटी और 2014 कुवैत सिटी में आयोजित हुए एशियन चैंपियनशिप में श्रेयसी ने टीम ईवेंट का सिल्वर मेडल जीता था।
राजनीतिक परिवार से संबंध
श्रेयसी सिंह के पिता दिग्विजय सिंह बिहार से ही राजनीतिज्ञ थे। वह जनता दल, समता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड जैसी पार्टियों से जुड़े रहे थे। वह केंद्र सरकार में कई बार मंत्री रहे और उन्होंने विदेश मंत्रालय, रेल मंत्रालय और कॉमर्स एव इंडस्ट्री मंत्रालय जैसे विभागों में राज्यमंत्री के तौर पर काम किया। वह बांका लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर आते थे। साल 2010 में ब्रेन हैमरेज के कारण उनका निधन हो गया था।
34 साल की श्रेयसी सिंह निशानेबाजी में देश और बिहार का परचम लहरा चुकी हैं। आज उन्होंने नीतीश सरकार में मंत्री के तौर पर शपथ ली है और उनके परिवार के साथ ही बिहार को भी उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। श्रेयसी एक राजनीतिक परिवार से आती हैं और शूटिंग में देश का नाम रोशन कर चुकी हैं। जमुई के झाझा विधानसभा क्षेत्र से जीतकर विधानसभा पहुंची श्रेयसी सिंह के पास 7 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। उनके पास चल और अचल दोनों तरह की संपत्तियां हैं। जबकि देनदारियां 13 लाख से ज्यादा की हैं।
बात करें श्रेयसी सिंह की अचल संपत्तियों की तो उनके पास देश की राजधानी दिल्ली में करोड़ों की कीमत के दो फ्लैट हैं। गिद्धौर में पैतृक आवास भी उनके पास है, जिसकी कीमत करोड़ों में है। दिल्ली के महरौली में उनके पास 1 बीघा और गिद्धौर में 34 एकड़ जमीन श्रेयसी के पास है।
