Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 23 June 2025: बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और मौसम विभाग ने 23 जून 2025 को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 22 जून को बिहार के उत्तर-पश्चिमी, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में व्यापक बारिश हुई, जबकि दक्षिण और मध्य बिहार के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बरसात दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण उत्तर प्रदेश में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिससे अगले 48 घंटों में मानसून हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। तापमान की बात करें तो अधिकतम 32°C से 38°C और न्यूनतम 24°C से 28°C के बीच रहने का अनुमान है, और आगामी तीन दिनों में इसमें खास बदलाव नहीं होगा। आज बिहार के उत्तर और पूर्वी इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक के साथ 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है।
बिहार के इन जिलों में रहेगा अलर्ट
मानसून के सक्रिय होते ही राज्य के कई जिलों में मौसम विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज और अररिया जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी और सुपौल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गोपालगंज, सिवान, कटिहार और पूर्णिया समेत उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व बिहार के कई इलाकों में तेज आंधी और वज्रपात की आशंका है। ऐसी स्थिति को देखते हुए IMD पटना ने प्रभावित क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है।
आने वाले दिनों का मौसम
24 जून को गोपालगंज, सिवान और सारण जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक दर्ज की जा सकती है। 25 जून को बक्सर, कैमूर और पश्चिम चंपारण में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 26 जून को दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन हालातों को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जारी की गई एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
