पटना

ODOP को बढ़ावा दे रही बिहार सरकार, आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने का है प्लान

बिहार सरकार राज्य के प्रत्येक प्रखंड से एक-एक विशेष उत्पाद का चयन कर उसे ओडीओपी में शामिल करने का प्लान बना रही है। उद्योग विभाग ने इसे लेकर पहल शुरू कर दी है। इसमें कृषि आधारित, वस्त्र एवं चर्म, कला एवं शिल्प, व्यवसायी, उद्यमी समेत अन्य से जुड़े विशिष्ट उत्पादों की पहचान होगी।

Image

बिहार के सीएम नीतीश कुमार (फाइल फोटो- @JDU)

पटना : राज्य सरकार ने अपने क्षेत्र विशेष के खास उत्पादों को चिन्हित कर विशिष्ट पहचान दिलाने की कवायद शुरू कर दी है। इन उत्पादों को चिन्हित करने के लिए सभी जिलों को खासतौर निर्देश दिए गए हैं। उद्योग विभाग की तरफ से ये निर्देश सभी जिला महाप्रबंधकों को भेजे गए हैं। सभी को जिलों को 10 दिनों के अंदर इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर भेजनी है।

प्रत्येक प्रखंड के मुख्य उत्पाद मसलन कृषि आधारित उत्पाद, वस्त्र एवं चर्म, कला एवं शिल्प, व्यवसायी, उद्यमी समेत ऐसे अन्य सभी तरह के उत्पादों की पहचान कर उनकी खासियतों का विस्तृत विवरण तैयार कर इनकी पहचान की जाएगी। इसके बाद इसे वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

एक जिला एक उत्पाद की परिकल्पना

केंद्र सरकार की एक जिला एक उत्पाद की परिकल्पना को अमलीजामा पहनाने के लिए राज्य के उद्योग विभाग ने यह पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य प्रत्येक जिले को उस उत्पाद के प्रचार के माध्यम से निर्यात केंद्र में परिवर्तित करना है, जिसमें वह जिला विशेषज्ञता रखता है। इस योजना के अंतर्गत विनिर्माण को बढ़ाकर स्थानीय व्यवसायों, निदेशकों समेत अन्य को समर्थन प्रदान करते हुए आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करना है। इसी परिकल्पना को आकार देने के लिए बिहार में भी एक प्रखंड, एक उत्पाद को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस मामले में उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा का कहना है कि भारत सरकार के इस प्रयास से हर जिले की विशिष्ट पहचान सामने आएगी और इसके साकारात्मक परिणाम भी दिख रहे हैं। बिहार में भी हर प्रखंड में कुछ न कुछ विशेष है। इन्हें चिन्हित करके इन उत्पादों की पहचान की जाएगी, जिससे प्रखंड की पहचान भी होगी और उत्पाद को खासतौर तवज्जों मिलेगा। सभी जिलों से 10 दिनों में ऐसे उत्पादों को चिन्हित कर सूची मांगी गई है। इसके आधार पर कार्ययोजना तैयार कर इन्हें लागू किया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article