पटना

बर्दाश्त करने लायक नहीं- गालीबाज IAS पर भड़के तेजस्वी यादव, मां-बहन तक की गाली देते हैं बिहार के ये अफसर

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 4, 2023, 08:29 PM IST

बिहार के गालीबाज आईएएस के के पाठक के दो वीडियो सामने आए हैं। जिसमें वो साला से लेकर मां-बहन तक गालियां देते देखे जा रहे हैं। इस बैठक के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिहार प्रशासनिक सेवा संघ (बासा) ने मामला उठाया और पटना के सचिवालय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है।

बिहार में गालीबाज अधिकारी का एक और वीडियो सामने आया है। जिसे लेकर बिहार में हंगामा मचा हुआ है। विपक्ष इस मामले पर नीतीश सरकार को घेर रहा है। वहीं इस वीडियो को लेकर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि यह बर्दाश्त करने लायक नहीं है।

क्या कहा तेजस्वी ने

बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस वीडियो का जिक्र करते हुए शनिवार को कहा कि इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तेजस्वी गाली वाले वीडियो को लेकर गुस्से में भी दिखे। तेजस्वी यादव ने कहा- "मैंने पहला वीडियो देखा है और इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

वीडियो में क्या था

वीडियो में बिहार में तैनात आईएएस अधिकारी केके पाठक बिहार के लोगों को ट्रैफिक सिग्नल लाल होने और सड़क के गलत साइड चलने पर भी हॉर्न बजाने के लिए गाली दे रहे हैं। उन्होंने आगे बिहार के लोगों की तुलना चेन्नई के लोगों से करते हुए कहा कि दक्षिणी राज्य में ऐसा नहीं होता है। वहीं दूसरे वीडियो में वो किसी मीटिंग में हैं जहां अुने जूनियर अधिकारियों के सामने केके पाठक गाली बक रहे हैं।

कौन हैं केके पाठक

केके पाठक एक आईएएस अधिकारी है और बिहार सरकार में एक बड़ी पोस्ट पर तैनात है। केके पाठक मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव और विभाग के महानिदेशक हैं। इनके कारनामे पहले भी चर्चा में रहे हैं।

नीतीश भी नाखुश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी केके पाठक के गाली वाले व्यवहार से नाखुश बताए जा रहे हैं। वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कहा कि आईएएस अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। सीएम नीतीश कुमार ने कहा- "वायरल वीडियो के बारे में मुझे पता है। मुख्य सचिव इस मामले को देख रहे हैं।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article