पटना

बिहार विधानसभा में पारित हुआ जानकी मंदिर के पुनर्विकास का विधेयक, सीतामढ़ी में होगा निर्माण

बिहार के सीतामढ़ी में माता जानकी के भव्य मंदिर के निर्माण की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर बिहार विधानसभा में जानकी मंदिर के पुनर्विकास और निर्माण विधेयक पारित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मंदिर के निर्माण के लिए 882 करोड़ रुपये की राशि मंजूरी दी गई है।

Image

बिहार विधानसभा में पारित हुआ जानकी मंदिर के पुनर्विकास का विधेयक (फोटो - Bihar Government)

बिहार विधानसभा ने ‘मां जानकी मंदिर’ के निर्माण और पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त करते हुए बिहार हिंदू धार्मिक न्यास (संशोधन) विधेयक, 2025 मंगलवार को पारित कर दिया। यह मंदिर सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में देवी सीता के जन्मस्थान पर स्थित है। राज्य के विधि मंत्री मंगल पांडेय ने विधेयक प्रस्तुत किया और इसे बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर विपक्ष द्वारा चर्चा की मांग को लेकर किए गए हंगामे के बीच ध्वनिमत से पारित किया गया। विधेयक के कानून बनने बाद मौजूदा मंदिर न्यास भंग हो जाएगा और मंदिर के विकास तथा प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा गठित एक नई समिति को सौंप दी जाएगी।

मंदिर के निर्माण के लिए 882 करोड़ से अधिक रुपये की मंजूरी

राज्य सरकार ने पुनौरा धाम स्थित मां जानकी मंदिर’ के निर्माण और पुनर्विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय न्याय समिति का गठन किया है। मंदिर के वर्तमान महंत को भी इस नई समिति में शामिल किया गया है। इसके अलावा, राज्य सरकार ने पुनौरा धाम जानकी मंदिर’ के समग्र विकास के लिए हाल में 882 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को मंजूरी दी है। इसमें से लगभग 137 करोड़ रुपये पुराने पुनौरा धाम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार पर और 728 करोड़ रुपये मंदिर के आसपास पर्यटक आधारभूत संरचना के विकास पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि आधारभूत ढांचे के रखरखाव पर आगामी दस वर्षों में खर्च की जाएगी।

पास हुआ जानकी मंदिर के पुनर्विकास का विधेयक

विधेयक में कहा गया है कि "समग्र विकास अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तर्ज पर किया जाएगा।" बिहार कैबिनेट ने हाल में नोएडा स्थित निजी कंपनी — एम/एस डिज़ाइन एसोसिएट्स इंक.-को ‘पुनौरा धाम जानकी मंदिर’ के विकास के लिए 'डिजाइन सलाहकार' के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी है। सीतामढ़ी जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित पुनौरा धाम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। विधानसभा ने इसके अलावा बिहार वस्तु एवं सेवा कर (प्रथम संशोधन) विधेयक-2025, बिहार नगरपालिका (संशोधन) विधेयक 2025, बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त (संशोधन) विधेयक 2025 को भी पारित किया।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article