पटना

ऑटो ही नहीं सभी स्कूली वाहनों को लेकर सख्त हुई सरकार, लागू हुए नए नियम नहीं माना तो ये होगी कार्रवाई

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। पिछले दिनों ऑटो से स्कूली बच्चों को ढोने के बैन को कुछ शर्तों के साथ हटाने के बाद, अब सभी स्कूली वाहनों के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। जिसमें गाड़ियों में GPS और CCTV लगाना भी शामिल है।

Image

सारी स्कूली गाड़ियों पर प्रशासन सख्त

Bihar News: एक बार फिर गाड़ियों से बच्चों को स्कूल ढोने के संबंध में सरकारी फरमान आया है। थोड़े दिनों पहले राज्य में तिपहिया वाहनों से स्कूली बच्चों को लाने ले जाने पर पाबंदी लगाई गई। 1 अप्रैल से यह फैसला लागू करने के बाद प्रशासन ने इसपर अपना रुख कुछ नरम किया और एक सप्ताह के लिए ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को छूट दी गई। 9 तारीख से ये नियम फिर लागू होने वाले थे लेकिन प्रशासन ने इस मामले में कुछ शर्तों के साथ ऑटो को छूट दे दी। अब प्रशासन सारे स्कूली वाहनों को लेकर सख्त हो गया है, खासतौर पर ओवरलोडिंग को लेकर।

ओवरलोडिंग पर सख्त प्रशासन

ओवरलोडिंग को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। ऑटो में अधिकतम बच्चों को ऑटो में बैठाने की सीमा तय कर दी गई है। CNG ऑटो में अधिकतम 4 और बड़े ऑटो में 7 बच्चों को बैठाने की अनुमति होगी। तय सीमा से अधिक बच्चों को बैठाने पर चालकों पर 200 रुपए प्रति अतिरिक्त बच्चे के हिसाब से जुर्माना लगेगा। यह कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से कर सकेगी।

चालकों के लिए कड़े नियम

बच्चों को स्कूल ढोने वाले चालकों को भी अब कई नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। जिसमें चालकों के पास परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है और ट्रैफिक पुलिस के पूछने पर इन्हें दिखाना भी होगा। इसके अलावा सारे सुरक्षा मानकों का भी पालन करना अनिवार्य होगा। ई-रिक्शा से स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

सभी गाड़ियों में लगेगा GPS और CCTV

बच्चों की निगरानी और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने सभी स्कूल वैन, बस और ऑटो में GPS और CCTV कैमरा लगाना भी अनिवार्य कर दिया है। हालांकि, ऑटो में सिर्फ GPS लगवाना होगा, कैमरे की बाध्यता नहीं होगी। GPS और कैमरों के जरिए ट्रैफिक SP, परिवहन विभाग और जिला परिवहन पदाधिकारी वाहनों की लाइव मॉनिटरिंग कर सकेंगे। इसके साथ ही स्कूली सेवा में लगे सभी वाहनों के आगे और पीछे 'ऑन स्कूल ड्यूटी' का बोर्ड लगाना जरूरी होगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article