Sheikhpura Voter Yatra Accident: शेखपुरा में वोटर अधिकार यात्रा के तहत तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य और मुकेश सहनी के नेतृत्व में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में भीड़ जमा हुई, जिसमें वीआईपी पार्टी के समर्थकों की सबसे अधिक संख्या देखी गई। इस यात्रा के दौरान ही एक हादसे में तेजस्वी यादव के बॉडीगार्ड का पैर टूट गया।
तेजस्वी के बॉडीगार्ड का पैर फ्रैक्चर
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना चांदनी चौक के पास हुई, जब यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव के बॉडीगार्ड का पैर पर गाड़ी चढ़ गई। घायल जवान की पहचान झारखंड के देवघर निवासी रामप्रवेश सिंह के पुत्र शंभू सिंह के रूप में हुई। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
पुलिस कर्मी की गर्मी से तबीयत बिगड़ी
यात्रा के दौरान जमुई में प्रशिक्षण ले रहे नए पुलिस कर्मियों को भी ड्यूटी पर तैनात किया गया था। इसी बीच एक जवान गर्मी के कारण बेहोश हो गया। घायल जवान की पहचान भागलपुर के जयप्रकाश मंडल के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई। स्थानीय लोग और पुलिस कर्मियों की मदद से उसे शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रिंस ने बताया कि वह जमुई में प्रशिक्षण ले रहा है और ड्यूटी के लिए शेखपुरा आया था। तेज गर्मी के कारण उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
नवादा में भी हुई थी दुर्घटना
इसके पहले नवादा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की गाड़ी ने एक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी थी। हादसे में बॉडीगार्ड महेश कुमार का पैर टूट गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना पर चालक के खिलाफ नगर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
