Ludhiana Firing: पंजाब के लुधियाना में ढोल्लेवाल इलाके में पूर्व कांग्रेस नेता जगजोत सिंह पर करीब 8 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के समय जगजोत अपनी मां और साढ़े 3 साल के बेटे के साथ रेस्टोरेंट से खाना खाकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि पानी की बोतल लेने के लिए कार से उतरते ही हमलावरों ने उन पर 5-6 गोलियां चलाईं। इसके बाद दातर और पिस्तौल के बट से भी सिर पर हमला किया। घायल जगजोत किसी तरह कार लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हमले के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई है।
पानी की बोतल लेने उतरे, तभी शुरू हुई फायरिंग
जगजोत सिंह के मुताबिक, वह अपनी मां और बेटे के साथ मैगी प्वाइंट रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। खाना खाने के बाद वह पानी की बोतल लेने और पैसे देने के लिए कार से नीचे उतरे। तभी पीछे से आए 7 से 8 युवकों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दीं। जगजोत ने बताया कि उन्होंने कार में बैठकर वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन हमलावर कार की खिड़की के पास पहुंच गए और गोलियां चलाईं। घटना के दौरान उनकी मां और छोटा बेटा भी कार में मौजूद थे।
दस्तार के ऊपर से दातर से वार करने का आरोप
जगजोत सिंह ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी दस्तार के ऊपर से दातर से सिर पर कई बार वार किए और उनके बाल भी काट दिए। इसके अलावा पिस्तौल के बट से भी उन पर हमला किया गया। जिससे उनके सिर और आंख के पास चोटें आई हैं। पीड़ित के मुताबिक, कार के अंदर गोलियों के निशान हैं और गाड़ी से .45 बोर का एक खाली खोल भी बरामद हुआ है। जगजोत की मां मनजीत कौर ने बताया कि बेटे को कार की ओर भागते देखकर वह घबरा गई थीं। उनके अनुसार, हमलावरों ने कार के पास आकर गोलियां चलाईं और उन्हें भी चोट पहुंची।
एक साल पहले भी हमले का आरोप
जगजोत ने दावा किया कि करीब एक साल पहले भी इन्हीं युवकों ने उनके घर पर आकर हमला किया था और गोलियां चलाई थीं। उन्होंने मौजूदा घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश होने की आशंका जताई। जगजोत के अनुसार, वह पहले कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन अब किसी राजनीतिक पार्टी में नहीं हैं। वह मिल्लरगंज के निवासी हैं और फिलहाल प्रॉपर्टी का काम करते हैं, साथ ही एक एनजीओ भी चलाते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
