पटना

रोहतास में सनसनीखेज वारदात, 4 घंटे में दो युवकों को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में आपसी रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बीती रात दिनारा में 4 घंटे के अंदर अलग-अलग गांव में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसकी वजह से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं।

रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में बीती रात 4 घंटे के अंदर अलग-अलग गांव में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इन घटनाओं के चलते पूरे क्षेत्र में खौफ का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दिनारा थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में आपसी रंजिश में 23 वर्षीय पंकज पांडे की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। तोड़ा गांव में पंकज की हत्या के संबंध में गांव के निवासी टूना पांडे और रिंटू पांडे के खिलाफ दिनारा थाना में केस दर्ज किया गया है। साथ ही, रोहतास के बिक्रमगंज में दिनारा थाना क्षेत्र के गंज और भड़सरा गांव में अपराधियों ने एक ज्वेलर की गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतक के बड़े भाई को मारा-पीटा

दिनारा थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में मृतक के बड़े भाई ने बताया कि पिछले दिनों जब वो पेट्रोल पंप पर नोजल मैन के रूप में पेट्रोल दे रहा था, इस दौरान गांव के ही लोगों के साथ उसका विवाद हो गया था। जिसके बाद उन लोगों ने मृतक के बड़े भाई मिलन पांडे की 9 अप्रैल को मारा-पीटा, जिन्होंने उसका हाथ तोड़ दिया था। इसके बाद से ही तनाव बढ़ गया था। बीती रात को पंकज गांव की एक शादी में गया हुआ था। इस दौरान जब वो एक बंद दुकान के बाहर लगी चौकी पर बैठा हुआ था तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

एक क्षेत्र में दो लोगों की मौत

जहां एक तरफ दिनारा थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में 23 वर्षीय पंकज पांडे की गोली मारकर हत्या की है, वहीं दिनारा थाना क्षेत्र के गंज और भड़सरा गांव में अपराधियों ने एक ज्वेलर की भी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर लाया है। घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के एसपी रौशन कुमार भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, इस मामले में भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article