शहर

दिल्ली-गोवा फ्लाइट में सुरक्षा से खिलवाड़! टॉयलेट में बीड़ी पीते पकड़ा गया यात्री, केस दर्ज

दिल्ली से गोवा जा रही एक फ्लाइट में एक यात्री विमान के टॉयलेट में बीड़ी पीते हुए पाया गया। फ्लाइट के गोवा पहुंचने पर आरोपी को अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। एयरलाइन की शिकायत पर गोवा के मोपा एयरपोर्ट पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां फ्लाइट के शौचालय में एक शख्स को कथित तौर पर बीड़ी पीते हुए पकड़ा गया। जिसके बाद आरोपी को गोवा पहुंचने पर संबंधित अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। व्यक्ति की पहचान दिल्ली निवासी आशीष के तौर पर हुई। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई, जब आशीष दिल्ली से गोवा जाने वाली अकासा एयर की उड़ान क्यूपी-1625 में यात्रा कर रहा था। उसके खिलाफ गोवा में शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच की जांच कर रही है।

शख्स के पास लाइटर भी बरामद

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, एयरलाइन ने अपनी शिकायत में कहा कि उड़ान के दौरान यात्री ने कथित तौर पर विमान के शौचालय में ’बीड़ी’ पी और उसके पास एक लाइटर भी पाया गया, जिससे विमान और उसमें सवार यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। पुलिस ने कहा कि उड़ान के दौरान इस कृत्य से सहयात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। पुलिस ने बताया कि मोपा हवाई अड्डा पुलिस थाना में यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

एयरलाइंस कंपनी ने क्या कहा?

अकासा एयर ने घटना की पुष्टि की और कहा कि उसके चालक दल ने "आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया।" एयरलाइन ने एक बयान में कहा, "अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1625 में सात मार्च को एक यात्री को विमान के शौचालय में धूम्रपान करते हुए पाया गया।" एयरलाइन ने कहा कि चालक दल ने सुरक्षा और नियामक प्रक्रियाओं और कानून के अनुरूप "आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया" और गोवा पहुंचने पर व्यक्ति को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया। गौरतलब है कि फ्लाइट में किसी भी प्रकार का धूम्रपान करना सख्त मना है। ऐसा करते पकड़े जाने पर आरोपी के खिलाफ भारी जुर्माना या गिरफ्तारी की कार्रवाई हो सकती है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article