Delhi Haridwar Highway Car Fire: बुधवार को दिल्ली–हरिद्वार हाईवे के बहादराबाद क्षेत्र में पतंजलि योगपीठ के पास एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोककर बाहर छलांग लगाई, जिससे उनकी जान बच गई। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलौर निवासी महिला का पतंजलि योगपीठ के पास मकान निर्माण कार्य चल रहा था और वह बुधवार को इसकी देखरेख के लिए कार से बहादराबाद की ओर आ रही थीं। योगपीठ के पास पहुंचते ही कार के इंजन से धुआं निकलने लगा और अचानक लपटें फैल गईं। महिला के कूदते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे आए। क्षेत्र के कुछ युवाओं ने भी आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई।
इस बीच पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि कार तब तक पूरी तरह जल चुकी थी। शांतरशाह चौकी इंचार्ज खमेंद्र गंगवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन महिला को वाहन के जलने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
