बिहार में कल होने वाले कैबिनेट विस्तार से पहले सम्राट चौधरी सरकार ने बिहार वासियों को बड़ी सौगात दे दी है। सम्राट चौधरी सरकार ने रक्सौल हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने पीएम मोदी का धन्यवाद देते हुए इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।
मुख्यमंत्री सम्राट ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा है कि रक्सौल हवाई अड्डे के विकास की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। इसके तहत हवाई अड्डे के रनवे, एप्रन, टैक्सीवे समेत संपूर्ण ‘एयरसाइड इन्फ्रास्ट्रक्चर’ के निर्माण के लिए इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं का टेंडर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल तकनीकी और आधारभूत ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य में इस क्षेत्र को देश और विदेश से बेहतर तरीके से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से काफी अहम है रक्सौल में हवाई अड्डा
पूर्वी चंपारण जिले में स्थित रक्सौल नेपाल सीमा से सटा एक महत्वपूर्ण सीमावर्ती शहर है। ऐसे में यहां हवाई अड्डे का निर्माण रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा और यात्रियों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी।
चंपारण होगा और विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे के निर्माण से चंपारण क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार,पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे डबल इंजन सरकार की विकास नीति का परिणाम बताते हुए कहा कि बिहार तेजी से प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।
कल होगा सम्राट कैबिनेट का विस्तार
पटना में 7 मई को बिहार मंत्रिमंडल विस्तार समारोह Gandhi Maidan में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी, अमित शाह, नीतीश कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पीएम मोदी के पटना दौरे के दौरान एक भव्य रोड शो भी होगा, जिसमें एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक विभिन्न प्रमुख मार्गों से उनका काफिला गुजरेगा। पूरे रूट पर स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
