शहर

Women Day 2026: महिला दिवस पर कर्तव्य पथ बनेगा ‘शक्ति पथ’, 3000 महिलाएं करेंगी वॉक

महिला दिवस पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर ‘शक्ति वॉक’ का आयोजन होगा। अलग-अलग क्षेत्रों की हजारों महिलाएं भारत के विकास में अपनी भूमिका का संदेश देंगी।

Image

महिला दिवस 2026 (फोटो-Istock)

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय 8 मार्च को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर ‘शक्ति वॉक #SheLeadsBharat’ का आयोजन करेगा। इस महिला-नेतृत्व वाली वॉक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हजारों महिलाएं हिस्सा लेंगी और देश के विकास में महिलाओं की केंद्रीय भूमिका को रेखांकित करेंगी।

हर साल 8 मार्च को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों, नेतृत्व और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए आयोजित की जा रही यह ‘शक्ति वॉक’ महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा, समानता और सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश देगी।

क्या है कार्यक्रम शेड्यूल?

यह वॉक सुबह 7:30 बजे से 10:00 बजे तक आयोजित होगी। इसमें प्रतिभागी इंडिया गेट से विजय चौक तक लगभग 2 किलोमीटर का पैदल मार्च करेंगी। आयोजन में 150 से अधिक मंत्रालयों, विभागों और संगठनों से करीब 3000 महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें सशस्त्र बलों, पुलिस, मीडिया, स्वास्थ्य सेवा, खेल, उद्योग, सरकारी संस्थानों और जमीनी संगठनों की प्रतिनिधि शामिल होंगी।

महिला हस्तियां करेंगी शिरकत

वॉक का नेतृत्व महिला जनप्रतिनिधि करेंगी, जिनमें केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख महिला हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम की शुरुआत गरिमामंडल के संक्षिप्त संबोधन से होगी, जिसके बाद वॉक को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान कर्तव्य पथ पर महिलाओं से जुड़ी प्रमुख सरकारी योजनाओं और पहलों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं इंडिया गेट पर विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति आयोजित होगी, जिसमें डोल्लू कुणित, कलारीपयट्टु, श्रीनगरिमेलम, रणचंडी और घूमर जैसे पारंपरिक प्रदर्शन शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ की सामूहिक प्रस्तुति से होगी और ‘#SheLeadsBharat’ संदेश वाले गुब्बारे भी छोड़े जाएंगे। सरकार के मुताबिक यह आयोजन ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करने का प्रतीकात्मक प्रयास है।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article